'एक्टिंग तो गले पड़ गई थी...', रघुबीर यादव ने बताया कैसे शुरू हुआ उनका सफर
मुंबई, 30 सितंबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता रघुबीर यादव इन दिनों अपने शो 'हुंकार : द रोर' को लेकर दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रियाओं से काफी खुश हैं। उन्होंने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपने करियर और एक्टिंग को लेकर एक दिलचस्प बात शेयर की।
उन्होंने बताया कि एक्टिंग उनकी जिंदगी में किसी प्लान के तहत नहीं, बल्कि किस्मत से आई और बाद में उन्हें यह काम पसंद आने लगा।
आईएएनएस से बात करते हुए रघुबीर यादव ने कहा, ''मैं किरदारों को म्यूजिक के जरिए सोचता हूं, इससे मेरे लिए किरदार को समझना आसान होता है। म्यूजिक में जो भावनाएं होती हैं, वो बहुत जल्दी आपके पास आती हैं। आप जिस मूड में होते हैं, जिस तरह जिंदगी जी रहे होते हैं, जिस तरह खुश होते हैं, उसी तरह का म्यूजिक आपके पास जल्दी आता है। बचपन से ही मेरा म्यूजिक से जुड़ाव रहा है। एक्टिंग तो मेरे गले पड़ गई थी। इसलिए मुझे इसे करना पड़ा।''
रघुबीर ने आगे कहा, ''एक एक्टर के लिए सिर्फ एक्टिंग जानना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे कई दूसरी चीजों की भी समझ होनी चाहिए। बतौर एक्टर हर चीज सीखना बहुत जरूरी है, जिसमें म्यूजिक भी शामिल है। मेरा मानना है कि पूरी दुनिया में ऐसी कोई चीज नहीं है, जिसके बारे में एक एक्टर को नहीं पता होना चाहिए। इसलिए मैंने एक्टिंग में कोई कोर्स नहीं किया। मैंने स्टेज क्राफ्ट में स्पेशलाइजेशन किया।''
'हुंकार : द रोर' की कहानी ताकत, आस्था और प्रभाव की दुनिया के बीच आगे बढ़ती है। शो में 17 साल की मीनू रावत एक आध्यात्मिक शख्सियत पर गंभीर आरोप लगाती है। इसके बाद मामले की जांच शुरू होती है और कहानी कोर्टरूम तक पहुंचती है।
मीनू के आरोपों के जरिए शो आस्था, ताकत और इंसाफ के बीच के जटिल रिश्ते को सामने लाता है।
शो में 'सैयारा' से चर्चा में आईं एक्ट्रेस अनीत पड्डा ने मीनू रावत का किरदार निभाया है। फातिमा सना शेख एसीपी जसलीन सिंह के रोल में हैं। वहीं, मोहम्मद जीशान अय्यूब, राम कपूर और अर्जुन माथुर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
'हुंकार : द रोर' को करण डी. कपाड़िया और नित्या मेहरा ने डायरेक्ट किया है। यह सीरीज जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम