×

ऑस्कर 2026 : ‘इन मेमोरियम’ में डायने कीटन, रॉबर्ट डुवैल और रॉबर्ट रेडफोर्ड को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

 

लॉस एंजिल्स, 16 मार्च (आईएएनएस)। 98वें एकेडमी अवार्ड्स समारोह में दुनिया भर के फिल्म जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनका पिछले साल निधन हो गया था।। समारोह के दौरान प्रस्तुत किए गए ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में उन कलाकारों और रचनात्मक लोगों को याद किया गया, जिन्होंने अपने काम से सिनेमा जगत पर गहरा प्रभाव छोड़ा। इस दौरान मशहूर कलाकार डायने कीटन, रॉबर्ट डुवॉल और रॉबर्ट रेडफोर्ड को भी याद किया गया। इन कलाकारों ने कई दशकों तक अपने प्रभावशाली अभिनय और फिल्मों के माध्यम से अमेरिकी सिनेमा को समृद्ध बनाया।

इस श्रद्धांजलि में अभिनेत्री और हास्य कलाकार कैथरीन ओ'हारा को भी याद किया गया, जिन्हें फिल्म और टेलीविजन दोनों माध्यमों में उनके उल्लेखनीय काम के लिए जाना जाता है। अभिनय के अलावा सिनेमा से जुड़े अन्य रचनात्मक क्षेत्रों के लोगों के योगदान को भी सम्मान दिया गया। इनमें प्रसिद्ध इतालवी फैशन डिजाइनर जॉर्जियो अरमानी का नाम भी शामिल था। अरमानी लंबे समय से हॉलीवुड, रेड कारपेट और फिल्म निर्माताओं के साथ किए गए कॉस्ट्यूम डिज़ाइन के कारण सिनेमा जगत से जुड़े रहे हैं।

‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट अकादमी पुरस्कार समारोह की एक पुरानी परंपरा है। इसमें उन कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को याद किया जाता है, जिनके काम ने सिनेमा को नई दिशा दी। पुराने दृश्यों और संगीत के माध्यम से इन व्यक्तियों के सांस्कृतिक और कलात्मक योगदान को दर्शाया गया। समारोह के इस हिस्से ने दर्शकों को उन लोगों के काम और विरासत को याद करने का अवसर दिया, जिन्होंने सिनेमा और मनोरंजन जगत को समृद्ध बनाया।

98वां एकेडमी अवार्ड्स समारोह लॉस एंजिल्स के हॉलीवुड स्थित डॉल्बी थिएटर में चल रहा है।

इस वर्ष ऑस्कर समारोह की मेजबानी लोकप्रिय लेट-नाइट शो होस्ट कोनन ओ'ब्रायन कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2025 के समारोह का संचालन भी किया था। इस कार्यक्रम में अभिनेत्री और निर्माता प्रियंका चोपड़ा भी प्रस्तुतकर्ता के रूप में मंच पर नजर आएंगी। इस बार निर्देशक रयान कूगलर की फिल्म ‘सिनर्स’ पुरस्कारों की दौड़ में सबसे आगे बताई जा रही है। फिल्म को कुल 16 श्रेणियों में नामांकन मिला है, जिनमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता जैसे प्रमुख पुरस्कार शामिल हैं।

--आईएएनएस

एएस/