निमरत कौर ने नांदेड़ के हजूर साहिब में टेका माथा, लंगर सेवा और आध्यात्मिक अनुभव की तस्वीरें की साझा
मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री निमरत कौर ने हाल ही में महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित हजूर साहिब का दौरा किया। निमरत कौर को कुछ समय पहले 'द फैमिली मैन' सीजन 3 में देखा गया था।
अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम पर इअपनी यात्रा की कुछ तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में उन्हें आशीर्वाद लेते, लंगर में सेवा करते और कड़ा प्रसाद का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है।
उन्होंने कैप्शन में एक लंबा नोट भी लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, "सतनाम वाहेगुरु... हजूर साहिब जी में हाजिरी। सिख संस्कृति में एक ऐतिहासिक और धार्मिक मील का पत्थर। यहां पहुंचकर मैं बहुत आभारी और धन्य महसूस कर रही हूं। खासकर आज गुरु गोबिंद सिंह जी के 'जोती जोत दिवस' (उनके नश्वर शरीर को त्यागने की स्मृति) के अंतिम दिन। यहीं पर पवित्र ग्रंथ हमारे गुरु ग्रंथ साहिब जी को हमारा शाश्वत गुरु और मार्गदर्शक प्रकाश मानने का आदेश दिया गया था। गुरु साहिब के शब्दों ने इसे अमर बना दिया है।"
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने हाथ से बुना हुआ एक 'फुलकारी' दुपट्टा ओढ़ा हुआ था, जिसे उनके पिता ने उनकी मां को उपहार में दिया था।
उन्होंने आगे लिखा, "वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। मुझे इस हाथ से बुने हुए फुलकारी दुपट्टे को ओढ़ने का सौभाग्य मिला है, जिसे लगभग 50 साल पहले पापा ने मम्मा को उपहार में दिया था। इसे पटियाला से खरीदा गया था।"
हजूर साहिब को आधिकारिक तौर पर 'तख्त सचखंड श्री हजूर अचलनगर साहिब' के नाम से भी जाना जाता है। यह सिख धर्म के पांच सबसे पवित्र धार्मिक केंद्रों में से एक है। यह महाराष्ट्र के नांदेड़ में गोदावरी नदी के तट पर स्थित है। इसका ऐतिहासिक महत्व सिखों के 10वें गुरु गुरु गोबिंद सिंह से जुड़ा है, जिन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिन यहीं बिताए थे और 7 अक्टूबर, 1708 को यहीं उनका देहावसान हुआ था।
अपनी मृत्यु से पहले, उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब को सिखों का शाश्वत गुरु घोषित किया, जिससे मानवीय गुरुओं की परंपरा समाप्त हो गई। वर्तमान तीर्थस्थल का निर्माण महाराजा रणजीत सिंह के आदेश पर गुरु के अंतिम संस्कार वाले स्थान पर 1832 और 1837 के बीच करवाया गया था। इसकी भव्य वास्तुकला में सफेद संगमरमर, बारीक नक्काशी और सोने की परत वाला गुंबद शामिल है। गर्भगृह, जिसे 'अंगीठा साहिब' कहा जाता है, उसी स्थान को दर्शाता है जहां अंतिम संस्कार किया गया था। हजूर साहिब दुनिया भर के सिखों के लिए एक प्रमुख तीर्थस्थल है।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी