☰
×

'खाकी: द बिहार चैप्टर' के चार साल पूरे होने पर करण टैकर ने याद किया सफर, नीरज पांडे को दिया करियर का श्रेय

 

मुंबई, 25 नवंबर (आईएएनएस)। एक्टर करण टैकर की वेब सीरीज 'खाकी: द बिहार चैप्टर' को रिलीज हुए चार साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर एक्टर ने सीरीज से जुड़ी अपनी यादें ताजा की और बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके करियर के सबसे अहम मौकों में से एक रहा है।

करण ने फिल्ममेकर नीरज पांडे का खास तौर पर शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि नीरज ने उनमें वह टैलेंट पहचान लिया था, जिसे वह खुद भी उस वक्त नहीं पहचान पाए थे।

सीरीज के चार साल पूरे होने पर करण ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें आज भी नीरज पांडे के साथ हुई पहली बातचीत अच्छी तरह याद है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान नीरज पांडे ने उन्हें मैसेज करके एक किताब पढ़ने और उस पर अपनी राय देने के लिए कहा था। करण ने पूरी किताब एक ही बार में पढ़ ली और जवाब में लिखा, ''अमित लोढा ड्यूटी पर हाजिर है।'' इस पर नीरज ने जवाब दिया था, ''समझदार हो।''

करण ने इस बातचीत को याद करते हुए कहा, ''यकीन करना मुश्किल है कि 'खाकी: द बिहार चैप्टर' को चार साल हो गए हैं। ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो। मेरी सबसे प्यारी यादों में से एक वह है, जब लॉकडाउन के दौरान नीरज पांडे का मैसेज आया था। उन्होंने मुझे एक किताब पढ़ने और उस पर अपने विचार बताने के लिए कहा था। मुझे याद है कि मैंने एक ही बार में पूरी किताब पढ़ ली थी और जवाब दिया था, ''अमित लोढा ड्यूटी पर हाजिर है।'' इस पर उनका जवाब था, ''समझदार हो।'' उनकी यह बात आज भी मुझे याद है। मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह मौका मेरे करियर के सबसे अहम पड़ावों में से एक बन जाएगा। मैं हमेशा नीरज का शुक्रगुजार रहूंगा कि उन्होंने मुझमें वह काबिलियत देखी, जिसे मैं खुद भी तब तक पहचान नहीं पाया था।''

'खाकी: द बिहार चैप्टर' में करण टैकर ने आईपीएस अधिकारी अमित लोढा का किरदार निभाया था। इस सीरीज ने ओटीटी की दुनिया में उनके करियर को एक नई पहचान दी। इससे पहले भी वह 'स्पेशल ऑप्स' और 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं। इन अलग-अलग किरदारों के जरिए उन्होंने अपनी एक्टिंग के कई रंग दिखाए हैं।

करण ने सीरीज की शूटिंग से जुड़ी यादें भी साझा की। उन्होंने बताया कि इसकी शूटिंग झारखंड के डाल्टनगंज, हजारीबाग और मैकलुस्कीगंज में हुई थी। उनके लिए यह अनुभव काफी खास और यादगार रहा। मुंबई की तेज रफ्तार जिंदगी से दूर इन जगहों पर शूटिंग करने से उन्हें कहानी की दुनिया और अपने किरदार को करीब से समझने का मौका मिला।

एक्टर ने कहा कि शूटिंग के दौरान मौसम की मुश्किल परिस्थितियों और सुबह-सुबह मिलने वाले कॉल टाइम ने भी इस अनुभव को चुनौतीपूर्ण बनाया था। हालांकि, इन सबने उन्हें एक कलाकार के साथ-साथ एक इंसान के तौर पर भी काफी कुछ सिखाया। इस प्रोजेक्ट ने उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर, दोनों स्तरों पर बेहतर बनाया।

वर्कफ्रंट की बात करें तो करण टैकर जल्द ही 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' के दूसरे सीजन में नजर आएंगे। इसके अलावा भी उनके पास कुछ प्रोजेक्ट्स हैं, जिनकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम