☰
×

कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी ने फर्जी कास्टिंग कॉल पर दी चेतावनी, नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों पर होगा केस

 

मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता, निर्माता और सांसद कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने फर्जी कास्टिंग कॉल को लेकर लोगों को आगाह किया है। कंपनी ने कहा कि उसने अपनी किसी भी फिल्म के लिए किसी कास्टिंग एजेंट को नियुक्त नहीं किया है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर कोई व्यक्ति या एजेंसी उसके नाम का गलत इस्तेमाल कर लोगों को ऑडिशन या कास्टिंग के नाम पर गुमराह करती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, कमल हासन की आने वाली फिल्म 'संदियार' की शूटिंग शुरू होने के एक दिन बाद प्रोडक्शन हाउस ने यह चेतावनी जारी की है। कंपनी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्टर शेयर कर लोगों को फर्जी ई-मेल, मैसेज और सोशल मीडिया पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी है।

पोस्टर में लिखा गया, ''हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने अपनी किसी भी फिल्म के लिए कोई कास्टिंग एजेंट नियुक्त नहीं किया है। कृपया इस उद्देश्य से मिलने वाले किसी भी ई-मेल, मैसेज या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें। अगर कोई भी व्यक्ति या पार्टी बिना अनुमति के राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल के नाम का गलत इस्तेमाल करते हुए पाई गई तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।''

खास बात यह है कि प्रोडक्शन हाउस पिछले साल भी दो बार फर्जी कास्टिंग कॉल को लेकर लोगों को सतर्क कर चुका है। पिछले साल नवंबर में भी कंपनी ने इसी तरह का पोस्ट शेयर कर साफ किया था कि उसकी फिल्मों के लिए किसी तरह की अनधिकृत कास्टिंग प्रक्रिया नहीं चल रही है।

हालांकि, फर्जी कास्टिंग कॉल की समस्या सिर्फ कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी तक सीमित नहीं है। फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े प्रोडक्शन हाउस भी इस तरह की धोखाधड़ी का सामना कर चुके हैं। इसी साल सितंबर में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म 'एल370' के मेकर्स ने भी फर्जी ऑडिशन कॉल को लेकर चेतावनी जारी की थी।

फिल्म का निर्देशन कर रहे जूड एंथनी जोसेफ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर बताया था कि फिल्म के नाम पर फर्जी ऑडिशन पोस्टर, मैसेज और फोन कॉल किए जा रहे हैं। फिल्म के लिए फिलहाल किसी भी तरह के ऑडिशन या कास्टिंग की घोषणा नहीं की गई है।

इससे पहले निर्देशक नाग अश्विन की फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के मेकर्स ने भी फर्जी कास्टिंग कॉल को लेकर लोगों को आगाह किया था। फिल्म का निर्माण कर रही जानी-मानी कंपनी वैजयंती मूवीज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बयान जारी कर स्पष्ट किया था कि उसने ऑडिशन या कास्टिंग के लिए किसी थर्ड पार्टी एजेंसी, कंपनी, व्यक्ति या कास्टिंग प्रतिनिधि को अधिकृत नहीं किया है।

--आईएएनएस

पीके/डीकेपी