×

'108 बेस हॉस्पिटल–उरी' में एरिका फर्नांडिस का नया अवतार, बोलीं-शूटिंग खत्म होते ही सामान्य जिंदगी में लौट आती हूं

 

मुंबई, 16 अगस्त (आईएएनएस)। 'कसौटी जिंदगी की' और 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' जैसे सीरियल में अपनी अलग पहचान बना चुकीं अभिनेत्री एरिका फर्नांडिस अपने नए शो '108 बेस हॉस्पिटल– उरी' में बिल्कुल अलग तरह के किरदार में नजर आ रही हैं। शो में वह डॉ. मेजर नैना का रोल निभा रही हैं। इस किरदार को लेकर उन्होंने काफी तैयारी की।

आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने अपने अभिनय के तरीके के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि जब वह सेट पर होती हैं तो पूरी तरह अपने किरदार में चली जाती हैं। लेकिन जैसे ही शूटिंग खत्म होती है, वह आसानी से उस किरदार को छोड़कर अपनी सामान्य जिंदगी में लौट आती हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए एरिका फर्नांडिस ने कहा, "मेरे लिए किसी किरदार में जाना और फिर उससे बाहर निकलना ज्यादा मुश्किल नहीं है। मैं जब सेट पर पहुंचती हूं, तो उस समय मैं अपने किरदार की दुनिया का हिस्सा बन जाती हूं, लेकिन काम खत्म होते ही मुझे अपनी असल जिंदगी में वापस आना होता है। एक कलाकार के लिए शूटिंग के दौरान किरदार उसकी प्राथमिकता होती है, लेकिन कैमरा बंद होने के बाद वह खुद को उस भूमिका से अलग कर लेते हैं।"

अभिनेत्री ने कहा, ''शो '108 बेस हॉस्पिटल – उरी' की शूटिंग के दौरान ऐसा कोई खास सीन नहीं आया, जिसकी वजह से मुझे शूटिंग खत्म होने के बाद अपने किरदार से बाहर निकलने में परेशानी हुई हो। शो में दिखाए गए मेडिकल केस जरूर काफी दिलचस्प थे और इनसे मुझे बहुत कुछ सीखने का मौका मिला। कई मामले और परिस्थितियां ऐसी थीं, जो आम जिंदगी से अलग थीं और इन्हीं वजहों से शो का अनुभव मेरे लिए काफी अच्छा रहा।''

एरिका ने अपने किरदार की तैयारी के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ''डॉक्टर मेजर नैना को पर्दे पर सही तरीके से दिखाने के लिए मैंने काफी रिसर्च की। करीब एक महीने तक मैंने मेडिकल से जुड़े कई शो और वीडियो देखे। इस दौरान मेरे ध्यान सिर्फ डॉक्टरों के काम पर नहीं था, बल्कि यह भी समझना था कि डॉक्टर किस तरह खड़े होते हैं, कैसे मरीजों से बात करते हैं और किसी गंभीर स्थिति में उनका व्यवहार कैसा होता है।''

एरिका फर्नांडिस ने बताया कि वह अपने किरदार की तैयारी में इतनी ज्यादा शामिल हो गई थीं कि सेट पर मौजूद लोग उन्हें मजाक में 'डॉ. फर्नांडिस' कहने लगे थे।

उन्होंने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि डॉक्टर बनने के लिए की गई मेरी मेहनत दर्शकों को स्क्रीन पर भी दिखाई देगी। मेरे लिए इस शो की खास बात यह भी रही कि मेडिकल केस और अलग-अलग परिस्थितियों के जरिए मुझे कई नई चीजें सीखने को मिलीं।''

'108 बेस हॉस्पिटल – उरी' में एरिका के साथ गश्मीर महाजनी, निखिल खुराना, आयोशी तालुकदार, हितेन तेजवानी और स्मिता बंसल भी अहम भूमिकाओं में हैं।

मिलिट्री और मेडिकल दुनिया को साथ लेकर बनाया गया यह शो 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुरू हुआ है। शो का प्रसारण हर शनिवार और रविवार को कलर्स और जियो हॉटस्टार पर किया जा रहा है।

--आईएएनएस

पीके/वीसी