☰
×

50वें जन्मदिन पर भाई कली के नाम क्रिस प्रैट का दिल छू लेने वाला संदेश, बताया पहला हीरो

 

मुंबई, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। हॉलीवुड स्टार क्रिस प्रैट ने अपने बड़े भाई कली प्रैट के जन्मदिन पर एक भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कली को अपना पहला हीरो बताते हुए कहा कि आज वह जो इंसान हैं, उसे गढ़ने में उनके बड़े भाई की अहम भूमिका रही है।

क्रिस ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह उनके भाई और उनके माता-पिता नजर आ रहे हैं। ये तस्वीरें उनके बचपन से लेकर अब तक के कुछ खास पलों की झलक दिखाती हैं।

क्रिस ने बताया कि बचपन में वह अपने भाई 'कली' को अपना आदर्श मानते थे। वह उनके कपड़े भी पहन लेते थे, क्योंकि उनमें से बहुत अच्छी खुशबू आती थी। उन्होंने अपने भाई की तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहतरीन कलाकार और सबसे बढ़कर एक बहुत अच्छा इंसान बताया।

उन्होंने लिखा, "मेरे बड़े भाई को 50वें जन्मदिन की बधाई। मेरे हीरो, कली प्रैट। जब मैं बच्चा था, तो मैं बिल्कुल कली जैसा बनना चाहता था। वह जब अपने कपड़े उतारकर फर्श पर छोड़ देते थे, तो मैं अगले ही दिन उन्हें पहन लेता था, क्योंकि उनमें से बहुत अच्छी खुशबू आती थी और उन्हें पता होता था कि कौन से कपड़े एक-दूसरे के साथ अच्छे लगेंगे। हाहा।"

क्रिस ने कहा, "मैं उन्हें बहुत मानता था। उन्होंने क्रिसमस प्ले में 'बू बियर' का किरदार निभाया था, जिसे देखकर ही मेरे मन में एक्टर बनने की इच्छा जागी। सच कहूं तो आज मैं जो कुछ भी हूं, उसमें कहीं न कहीं मेरे भाई का ही योगदान है।"

क्रिस ने कली को एक बेहतरीन कलाकार, कारीगर और पिता बताया। उन्होंने सेना में रहकर अपने देश की सेवा की और कानून प्रवर्तन के जरिए अपने समुदाय की मदद की, लेकिन ये तो बस उनके किए गए काम हैं। असल में वह एक बहुत अच्छे इंसान हैं। सच में एक बहुत अच्छे इंसान। जिंदगी में सब इतने व्यस्त हो गए हैं कि अब हम पहले की तरह साथ समय नहीं बिता पाते। मुझे उन पलों की याद आती है। मुझे बचपन की याद आती है। मुझे याद है कि कैसे मैं हर दिन उन्हें अपना आदर्श मानता था। मजेदार बात तो यह है कि आज भी मैं उन्हें अपना आदर्श मानता हूं।"

उन्होंने कहा, "मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं, भाई। शायद जितना मैं तुम्हें बताता हूं, उससे भी कहीं अधिक। तुम मेरे पहले हीरो थे। इस धरती पर पचास साल पूरे होने पर मैं बहुत आभारी हूं कि मुझे तुम्हारा छोटा भाई बनकर रहने का मौका मिला। जन्मदिन मुबारक हो भाई।"

--आईएएनएस

ओपी/वीसी