☰
×

एआई और डीपफेक के दुरुपयोग पर चिरंजीवी ने उठाई आवाज, अमित शाह की सलाह पर केंद्र सरकार को सौंपा ज्ञापन

 

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार चिरंजीवी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डीपफेक और डिजिटल पहचान के गलत इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर अपनी चिंता जाहिर की है।

अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाल ही में हुई मुलाकात के बाद उन्होंने उनकी सलाह पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन केंद्रीय गृह मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को संबोधित है। इसमें एआई और डीपफेक के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की गई है।

चिरंजीवी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हाल ही में हुई मुलाकात के बाद और उनकी सलाह के अनुसार, मैंने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन केंद्रीय गृह मंत्रालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को संबोधित है। इसमें एआई के गलत इस्तेमाल, डीपफेक और डिजिटल पहचान की नकल को रोकने के लिए और अधिक मजबूत सुरक्षा उपायों की मांग की गई है।''

उन्होंने आगे लिखा, ''मैं किशन रेड्डी का आभारी हूं कि उन्होंने संबंधित मंत्रालयों के साथ तालमेल बनाकर इस मुद्दे को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया है। कलाकारों की गरिमा, पहचान और रचनात्मक अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ हर नागरिक की सुरक्षा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। तकनीक का इस्तेमाल रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए होना चाहिए, न कि किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए।''

दरअसल, चिरंजीवी ने अपने बेटे और अभिनेता राम चरण के साथ 2 नवंबर को हैदराबाद दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों कलाकारों ने एआई और डीपफेक तकनीक के बढ़ते गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई थी। उन्होंने बताया था कि इस तरह की तकनीक कलाकारों की पहचान, सम्मान और अधिकारों के लिए खतरा बन सकती है।

इस मुलाकात के बाद चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पर बताया था कि अमित शाह ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि सरकार इस मामले की जल्द जांच करेगी और एआई तथा डीपफेक के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा नियमों और सख्त सजा के प्रावधानों पर विचार करेगी।

--आईएएनएस

पीके/एएस