☰
×

'जॉन डो' में सृष्टि के किरदार से उठा पर्दा, अर्जुन दास की फिल्म में बनेंगी दर्शना

 

मुंबई, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। डायरेक्टर मधुमिता की अपकमिंग साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'जॉन डो' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। फिल्म में एक्टर अर्जुन दास लीड रोल में नजर आएंगे। अब मेकर्स ने एक्ट्रेस सृष्टि के किरदार का खुलासा किया है। वह फिल्म में दर्शना की भूमिका निभाएंगी। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे प्रोडक्शन हाउस अर्का मीडिया वर्क्स ने सोशल मीडिया पर सृष्टि के किरदार की जानकारी शेयर की।

मेकर्स ने पोस्ट में लिखा, ''दर्शना ने अपनी जिंदगी में बहुत कुछ खोया है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने परिवार के लिए मजबूत बनी रहती है। लेकिन, जब घर में सन्नाटा होता है, तो वह खुद से सवाल पूछती है कि क्या वह अपने लिए काफी हैं? मिलिए 'जॉन डो' की दुनिया की दर्शना से।''

बता दें कि फिल्म में अर्जुन दास चंद्रू नाम के किरदार में नजर आएंगे। एक्टर ने कुछ समय पहले फिल्म से अपना फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर किया था। इसके साथ उन्होंने लिखा था, 'नान पोदुमा? (क्या मैं काफी हूं?)' यह एक ऐसा सवाल है जो चंद्रू को परेशान करता है। अर्जुन ने बताया कि शायद यह सवाल हम सभी ने कभी न कभी खुद से पूछा होगा। चंद्रू के किरदार की तलाश के दौरान उन्हें भी अपने अंदर इस किरदार की कुछ झलक देखने को मिली।

फिल्म में संचना नटराजन फीमेल लीड रोल में हैं। वहीं, जारा विनीट चंदोके और नीरव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

'जॉन डो' को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी की एक बड़ी वजह यह भी है कि अर्जुन दास पहली बार अपने करियर में एक पुलिस अफसर का किरदार निभाते दिखाई देंगे।

फिल्म को अर्का मीडिया वर्क्स प्रोड्यूस कर रहा है, जो इससे पहले पैन इंडिया ब्लॉकबस्टर 'बाहुबली' का निर्माण कर चुका है। शोबू यार्लागड्डा और प्रसाद देवीनेनी इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं, किशोर केदारी और मधुमिता को-प्रोड्यूसर हैं, जबकि सौम्या शर्मा क्रिएटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। इसका म्यूजिक मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर मुजीब मजीद ने तैयार किया है।

फिल्म के एक्शन सीक्वेंस दिनेश सुब्बारायन और एक्शन संतोष ने कोरियोग्राफ किए हैं। वहीं, प्रिया करण और प्रिया हरी ने कॉस्ट्यूम डिजाइन किए हैं, जबकि अश्विनी काले ने प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी संभाली है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'जॉन डो' का काम लगभग पूरा हो चुका है और मेकर्स इस साल नवंबर में इसे रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।

--आईएएनएस

पीके/पीएम