मां दुलारी की जिद पर अनुपम खेर ने पहनी शर्ट, बोले 'उनकी खुशी से बढ़कर कुछ नहीं'
मुंबई, 17 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर अपनी फिल्मों और शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपनी मां दुलारी खेर के साथ ऐसे पल साझा करते हैं, जो लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आते हैं। मां-बेटे का यह रिश्ता एक बार फिर चर्चा में है।
दरअसल, अनुपम जब भी विदेश से घर लौटते हैं, उनकी मां उनके लिए कुछ न कुछ खास खरीदकर रखती हैं। इस बार भी ऐसा ही हुआ। दुलारी खेर ने बेटे के लिए कई शर्ट और टी-शर्ट खरीदी थीं और वह उनके घर लौटने का इंतजार कर रही थीं।
अनुपम ने इस प्यारे से पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें मां का प्यार और बेटे की शरारत दोनों देखने को मिल रहे हैं। वीडियो में अनुपम खेर अपनी मां के सामने एक-एक करके शर्ट और टी-शर्ट पहनकर दिखाते नजर आ रहे हैं। वहीं, उनकी मां बड़े उत्साह से देख रही हैं कि कपड़े बेटे पर कैसे लग रहे हैं। इस दौरान उनके भाई राजू भी कैमरे के पीछे से इस पूरे पल को रिकॉर्ड कर रहे हैं।
अनुपम ने पोस्ट के साथ बताया कि जब भी वह विदेश से वापस आते हैं, उनकी मां ने उनके लिए कुछ न कुछ खरीदकर रखा होता है। इस बार उन्होंने बेटे के लिए शर्ट खरीदी थीं।
अभिनेता ने लिखा, ''जब भी मैं विदेश से लौटता हूं, मेरी मां मेरे लिए कुछ न कुछ लेकर रखती हैं। इस बार उन्होंने मेरे लिए शर्ट खरीदी थीं। वह प्यार से इन्हें 'शरट' कहती हैं। उनके लिए ये सिर्फ कपड़े नहीं हैं, बल्कि उनका प्यार और मेरे घर लौटने का इंतजार दिखाते हैं। उनकी सबसे बड़ी इच्छा होती है कि मैं घर आते ही उन्हें पहनकर दिखाऊं। वह बिल्कुल इंतजार नहीं कर पातीं और कहती हैं- अभी पहनकर दिखाओ।''
उन्होंने आगे बताया कि इस दौरान उनके भाई राजू कैमरा संभाल रहे थे और मां उनके सामने बैठकर इंतजार कर रही थीं। अनुपम ने लिखा, ''मां को खुश करने की बात हो तो मैं उन्हें मना कैसे कर सकता हूं। इसलिए मैंने उनकी खरीदी हुई टी-शर्ट और शर्ट पहनकर दिखाईं। उनके चेहरे की खुशी किसी भी महंगे तोहफे से ज्यादा कीमती है। सच कहूं तो दोनों कपड़े अच्छे लग रहे हैं। आखिर पसंद तो मेरी मां की है।''
अनुपम ने इस वीडियो में मां और भाई राजू के बीच हुई मजेदार बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मां को थोड़ा छेड़ने के लिए उन्होंने पूछा कि इन कपड़ों के पैसे किसने दिए हैं?
अनुपम ने लिखा, ''मैंने मां को थोड़ा छेड़ने के लिए पूछा कि इन कपड़ों के पैसे किसने दिए? राजू शायद खरीदारी करके कपड़े लाता है, लेकिन मां ने बिना एक पल रुके पूरे विश्वास के साथ कहा- मैंने दिए हैं, और कौन देगा? इसके बाद मां और राजू के बीच छोटी-सी नोकझोंक शुरू हो गई। यह तो हर घर की कहानी है।''
--आईएएनएस
पीके/एएस