×

'राख' में अली फजल के किरदार की बेचैनी ने खींचा ध्यान, बोले-'अपराधियों को पकड़ने के लिए हर हद तक जाने को था तैयार'

 

मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता अली फजल हाल ही में रिलीज हुई स्ट्रीमिंग सीरीज 'राख' में अपने अभिनय के लिए तारीफें बटोर रहे हैं। इस सीरीज में उन्होंने एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है, जो दो बच्चों की हत्या के मामले की जांच करता है। अली के काम ने दर्शकों का दिल जीत लिया। अब अली ने खुद बताया कि इस किरदार को निभाते समय उन्होंने किस तरह उस मानसिक स्थिति को समझने की कोशिश की।

आईएएनएस से बात करते हुए अली फजल ने अपने किरदार और कहानी से जुड़े कई अनुभव साझा किए। उन्होंने सीरीज के उस खास सीन के बारे में बात की, जिसमें उनके किरदार को सीनियर अधिकारियों की ओर से केस से दूर रहने के लिए कहा जाता है। अभिनेता ने बताया कि उन्हें यह सीन कुछ हद तक स्कूल के उस समय जैसा लगा, जब किसी गलती के लिए छात्र को सजा मिलती है।

अली ने कहा, ''मैंने कोशिश की कि मैं स्क्रिप्ट से अलग न जाऊं और किरदार को उसी भावना के साथ पेश करूं, जैसा उसे लिखा गया था। मेरा किरदार अपराधियों को पकड़ने के मिशन पर है और इसके लिए वह अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। वह लगातार कोशिश कर रहा है कि किसी भी तरह अपराधियों तक पहुंच सके।''

अभिनेता ने आगे कहा, ''मेरा कई बार अपनी सीमाओं से आगे जाकर भी कदम उठाता है। वह अपने मकसद को पूरा करने के लिए हर रास्ता अपनाने की कोशिश करता है, लेकिन इस दौरान उसे मुश्किल स्थिति का सामना करना पड़ता है। उसे अपनी गलती और उसके नतीजे दोनों से जूझना पड़ता है।''

अली फजल ने कहा, ''मेरे किरदार की सबसे बड़ी खासियत उसकी बेचैनी है। वह अपराधियों को पकड़ने के बेहद करीब पहुंचता है, लेकिन हर बार थोड़े अंतर से चूक जाता है। यही बात उसके अंदर गुस्सा और जल्द से जल्द न्याय दिलाने की इच्छा पैदा करती है। इसी बेचैनी को मैंने अपने अभिनय में दिखाने की कोशिश की।''

'राख' सीरीज 1970 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित एक इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर है। कहानी चर्चित रंगा-बिल्ला केस से प्रेरित बताई जा रही है। इस मामले में दो भाई-बहनों के अपहरण और हत्या की घटना ने देशभर में लोगों को झकझोर दिया था। हालांकि 'राख' एक काल्पनिक कहानी है, लेकिन इसकी पृष्ठभूमि में उस दौर के अपराध और जांच की परिस्थितियों को दिखाया गया है। यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

--आईएएनएस

पीके/पीएम