×

निम्स दाई को अभिनेता वीरा ने दी भावुक श्रद्धांजलि, बोले- 'लेजेंड्स कभी पहाड़ों से विदा नहीं होते'

 

चेन्नई, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पर्वतों की ऊंची चोटियों को छूने का सपना देखने वाले लाखों लोगों के लिए दुनिया के महान पर्वतारोही निर्मल पुर्जा, जिन्हें पूरी दुनिया प्यार से निम्स दाई के नाम से जानती थी, एक मिसाल थे। उन्होंने अपने अद्भुत साहस से पर्वतारोहण की दुनिया में ऐसे रिकॉर्ड बनाए, जिन्हें तोड़ना आसान नहीं होगा।

ब्रॉड पीक पर हुए हिमस्खलन में उनकी मौत की खबर से पूरी दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है। इस कड़ी में तमिल फिल्मों के मशहूर अभिनेता वीरा ने उनके निधन पर भावुक श्रद्धांजलि दी।

निम्स दाई पाकिस्तान की ब्रॉड पीक चोटी पर एक कैंपेन पर थे। 30 जुलाई 2026 को उनकी टीम भीषण हिमस्खलन की चपेट में आ गई, जिसमें उनकी जान चली गई है। बता दें कि ब्रॉड पीक 8,051 मीटर ऊंचा पर्वत है, जो काराकोरम पर्वत श्रृंखला में स्थित है।

अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए महान पर्वतारोही को याद किया और उनके योगदान को सलाम किया। वीरा ने लिखा, "आज दुनिया सिर्फ एक पर्वतारोही को खोने का शोक नहीं मना रही है बल्कि उस इंसान को याद कर रही है जिसने लाखों लोगों को सिखाया कि साहस हमें असंभव से भी आगे ले जा सकता है।"

उन्होंने आगे लिखा, ''निम्स दाई ने सिर्फ चोटियों पर विजय नहीं पाई बल्कि उन्होंने सपने देखने वालों को उम्मीद दी, पर्वतारोहियों को ताकत दी और पूरी एक पीढ़ी को ऊंचाइयों की ओर देखने के लिए प्रेरित किया। भले ही उनकी यात्रा समाप्त हो गई हो लेकिन उनकी आत्मा हमेशा हर पर्वत, हर शिखर और हर उस दिल में जीवित रहेगी जिसे उन्होंने प्रेरित किया।''

अपने पोस्ट के आखिर में वीरा ने लिखा, ''रेस्ट इन पीस, निम्स दाई। लेजेंड्स कभी पहाड़ों से विदा नहीं होते।''

नेपाल के रहने वाले निर्मल पुर्जा ने पर्वतारोहण की दुनिया में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की थीं। उनका जन्म नेपाल के धौलागिरी क्षेत्र में हुआ था और उनका बचपन चितवन में बीता। उन्होंने अपने प्रसिद्ध अभियान 'प्रोजेक्ट पॉसिबल' के तहत दुनिया की सभी 14 ऐसी चोटियों पर चढ़ाई की थी, जिनकी ऊंचाई 8,000 मीटर से ज्यादा है। उन्होंने यह उपलब्धि केवल छह महीने से कुछ ज्यादा समय में हासिल कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। इससे पहले यह रिकॉर्ड करीब आठ साल का था।

निम्स दाई का सपना था कि वह दुनिया के सभी 14 आठ-हजार मीटर ऊंचे पर्वतों पर दो बार चढ़ाई करने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बनें। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए वह पाकिस्तान की ब्रॉड पीक पर कैपेंन का नेतृत्व कर रहे थे लेकिन इस दौरान आए हिमस्खलन ने उनकी जिंदगी छीन ली।

--आईएएनएस

पीके/पीएम