×

'हम दिल से गाते हैं…': इंडियन आइडल में अभिजीत भट्टाचार्य का तंज, एक्टर्स को मिलने वाले क्रेडिट पर उठाए सवाल

 

मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड की संगीत दुनिया में एक बहस लंबे समय से चली आ रही है कि क्या फिल्मों में गाने का असली श्रेय गायक को मिलना चाहिए या पर्दे पर उसे निभाने वाले अभिनेता को? अक्सर देखा जाता है कि दर्शक गाने को उस अभिनेता से जोड़ देते हैं, जो स्क्रीन पर दिखाई देता है, जबकि असल में उसे किसी प्लेबैक सिंगर ने गाया होता है।

यही वजह है कि यह मुद्दा समय-समय पर उठता रहता है और कलाकार अपनी-अपनी राय रखते हैं। इसी बीच मशहूर गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने एक बार फिर इस बहस को हवा दे दी है।

सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' में पहुंचे अभिजीत भट्टाचार्य ने अपने खास अंदाज में इस मुद्दे पर टिप्पणी की, जो अब चर्चा का विषय बन गई है। शो के दौरान होस्ट आदित्य नारायण ने उनसे एक सीधा सवाल किया कि क्या एक्टर्स गानों का ज्यादा क्रेडिट ले लेते हैं। इस सवाल पर अभिजीत ने मजाकिया अंदाज में अपना जवाब दिया।

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ''अभिनेता बहुत अच्छा गाते हैं, लेकिन असली फर्क यह है कि गायक दिल से गाते हैं।''

उनके इस बयान का अर्थ है कि गाने में असली भावनाएं और आत्मा सिंगर ही डालता है, जबकि अभिनेता उसे केवल पर्दे पर पेश करता है। उनका यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे।

इस बातचीत के दौरान एक दिलचस्प बात भी सामने आई। आदित्य नारायण ने बताया कि अभिजीत और उनके पिता उदित नारायण ने करीब 35 साल पहले अपना पहला डुएट गाना साथ में गाया था। यह सुनकर दर्शकों की यादें ताजा हो गईं।

'इंडियन आइडल' का आने वाला एपिसोड खास होने वाला है, क्योंकि इस बार पुराने दौर के मशहूर गानों और यादों का जश्न मनाया जाएगा। इस स्पेशल एपिसोड में 90 के दशक के दो दिग्गज सिंगर्स, अभिजीत भट्टाचार्य और कविता कृष्णमूर्ति, एक साथ नजर आने वाले हैं।

अगर अभिजीत भट्टाचार्य के करियर की बात करें, तो उन्होंने पिछले तीन दशकों में बॉलीवुड को 'चांद तारे', 'मैं कोई ऐसा गीत गाऊं' और 'तौबा तुम्हारे इशारे' जैसे कई सुपरहिट गाने दिए हैं। उनके गाए गाने आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम