×

'हाई-स्पीड कार चेज सीन में खुद ड्राइव करना था चुनौतीपूर्ण', अदिवी शेष ने साझा किया 'डकैत' का रोमांचक अनुभव

 

मुंबई, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। एक्शन फिल्मों का रोमांच हमेशा दर्शकों को आकर्षित करता है, लेकिन पर्दे पर दिखने वाले इन खतरनाक सीन्स के पीछे कलाकारों के लिए जोखिम भी उतना ही बड़ा होता है। कई बार अभिनेता अपने किरदार को ज्यादा असली बनाने के लिए खुद स्टंट करने का फैसला लेते हैं, जिससे सीन और प्रभावशाली लगते हैं। इसी कड़ी में अभिनेता अदिवी शेष ने अपनी आने वाली फिल्म 'डकैत' के कुछ खास अनुभव साझा किए हैं, जिसमें उन्होंने फिल्म के हाई-स्पीड कार चेंज सीन को लेकर खुलकर बात की है।

अदिवी शेष ने बताया कि इस फिल्म में कई ऐसे सीन हैं जो काफी खतरनाक और तेज रफ्तार वाले हैं। इनमें से कई सीन उन्होंने खुद कार चलाकर किए हैं। उन्होंने कहा, ''प्रोफेशनल गियर के साथ कार को तेज रफ्तार में मोड़ना और ड्रिफ्ट करना रोज करने वाला अनुभव नहीं होता। यह न सिर्फ चुनौतीपूर्ण है, बल्कि इसमें एक अलग तरह का रोमांच भी महसूस होता है।''

उन्होंने कहा, ''जब आप कार के अंदर होते हैं और चारों तरफ कैमरे लगे होते हैं, स्टंट टीम मौजूद होती है और पूरा सेटअप बेहद सटीक तरीके से तैयार किया गया होता है, तब आपको एहसास होता है कि एक-एक सीन को सही तरीके से करने में कितनी मेहनत लगती है। हर छोटा-सा मूवमेंट पहले से तय होता है और उसे उसी हिसाब से करना पड़ता है।''

अदिवी शेष ने कहा, ''ऐसे एक्शन सीन में बार-बार रीटेक करना संभव नहीं होता। हर मोड़, हर ब्रेक और हर स्लाइड को बहुत सोच-समझकर डिजाइन किया जाता है। अगर एक बार कुछ गलत हो जाए, तो उसे दोहराना आसान नहीं होता। इसलिए हर सीन को पूरी तैयारी और ध्यान के साथ करना पड़ता है।''

उन्होंने कहा, ''मेरे लिए सबसे बड़ा रोमांच खुद को चुनौती देने में है। मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि हर सीन को जितना हो सके उतना बेहतर और सटीक तरीके से करूं। यही चुनौती मुझे अपने काम में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।''

अदिवी ने कहा, ''कई सीन से पहले मैं खुद से कहता था कि इस सीन को एक ही बार में सही करना है। इस सोच से मेरा ध्यान और भी मजबूत हो जाता था। उस समय मेरा पूरा फोकस स्पीड, टाइमिंग और अपने किरदार पर होता था, जिससे सीन और ज्यादा प्रभावशाली बन जाता था। जब कोई कठिन सीन बिना गलती के पूरा हो जाता है, तो एक अलग ही संतोष मिलता है। यह काम जितना रोमांचक है, उतना ही जिम्मेदारी भरा भी होता है।''

'डकैत' फिल्म में अनुराग कश्यप और मृणाल ठाकुर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एएस