मुंबई में हाई अलर्ट: अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के दिन मुंबई में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर की मेयर ऋतु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें BMC मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में शुक्रवार, 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में होने वाले गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
30 दिनों तक ग्रेनेड हमलों की धमकी
धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख-विरोधी दंगों का जिक्र किया गया है। इसमें ‘बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम भी लिखा गया है। मेल में दावा किया गया है कि अगर मुंबई में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित हुआ तो शहर में लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे।
धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और कार्यक्रम स्थल समेत संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
अमिताभ बच्चन को पांचवीं बार धमकी
अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को भी धमकी में शामिल किया गया है। बताया गया है कि 23 अक्टूबर के बाद से अब तक अभिनेता को पांचवीं बार इस तरह की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
बेंगलुरु में भी दिलजीत के कॉन्सर्ट को मिली थी धमकी
दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को लेकर इससे पहले बेंगलुरु में भी धमकी सामने आई थी। दो दिन पहले भेजे गए एक ईमेल में 29 नवंबर को मदावारा स्थित NICE ग्राउंड्स में प्रस्तावित कॉन्सर्ट के दौरान IED धमाके की चेतावनी दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनके आगामी कार्यक्रमों की सुरक्षा को लेकर एजेंसियां सतर्क हैं।
12 नवंबर को भी मुंबई में मिली थी धमकी
इससे पहले 12 नवंबर को भी मुंबई में धमकी भरा ईमेल आया था। उस समय छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, महालक्ष्मी स्टेडियम, मेयर कार्यालय, अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शहर में हाई अलर्ट जारी किया था।