☰
×

Hiba Nawab को लंबे समय से था कॉमेडी और सुपरनेचुरल शो का इंतजार, अब 'लो चुड़ैल चली ससुराल' में निभा रहीं उर्वशी का किरदार

 

टीवी अभिनेत्री हिबा नवाब इन दिनों अपने नए धारावाहिक 'लो चुड़ैल चली ससुराल' को लेकर चर्चा में हैं। 'झनक' और 'वो तो है अलबेला' जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुकीं हिबा इस बार एक अलग अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। सोनी सब पर प्रसारित होने वाले इस शो में वह उर्वशी नाम की एक खूबसूरत और खुशमिजाज चुड़ैल का किरदार निभा रही हैं।हिबा काफी समय से कॉमेडी और सुपरनेचुरल शैली के किसी प्रोजेक्ट में काम करना चाहती थीं। लगातार कई साल तक गंभीर और पारिवारिक ड्रामा करने के बाद उन्हें इस शो के जरिए कुछ नया करने का मौका मिला। हाल ही में उन्होंने अपने करियर, नए शो और निजी अनुभवों को लेकर खुलकर बात की।

ड्रामा से ब्रेक लेना चाहती थीं हिबा

नए धारावाहिक से जुड़ने की वजह बताते हुए हिबा ने कहा कि पिछले करीब पांच साल से वह लगातार ड्रामा आधारित शो कर रही थीं। ऐसे में वह कुछ अलग करना चाहती थीं।उनके मुताबिक, उन्हें लंबे समय से कॉमेडी करने का मन था और साथ ही वह किसी सुपरनेचुरल प्रोजेक्ट का भी हिस्सा बनना चाहती थीं। 'लो चुड़ैल चली ससुराल' में उन्हें ये दोनों चीजें एक साथ मिल गईं, इसलिए उनके पास इस ऑफर को ठुकराने की कोई खास वजह नहीं थी।

हिबा ने बताया कि जब उन्हें शो का प्रस्ताव मिला, उस समय दूसरे चैनलों के कुछ प्रोजेक्ट्स को लेकर भी बातचीत चल रही थी। इस वजह से फैसला लेने में थोड़ा समय लगा। शो के लिए बातचीत जनवरी-फरवरी से शुरू हुई थी और जून में शूटिंग शुरू हुई। बाद में दूसरे प्रोजेक्ट्स आगे नहीं बढ़े तो उन्होंने इस धारावाहिक के लिए हामी भर दी।

मां ने कहा- तुम्हें तो तुम्हारा असली किरदार मिल गया

शो में चुड़ैल का किरदार निभाने को लेकर हिबा ने अपनी मां की मजेदार प्रतिक्रिया भी साझा की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने अपने परिवार को इस किरदार के बारे में नहीं बताया था। उन्हें डर था कि घरवाले और दोस्त उनका मजाक उड़ाएंगे।

जब मां ने शो का प्रोमो देखा तो उन्होंने मजाक में कहा कि तुम्हें तो तुम्हारा असली किरदार मिल गया, तुम तो चुड़ैल ही हो। इस पर हिबा ने जवाब दिया कि वह प्यारी चुड़ैल हैं। उनकी मां ने भी हंसते हुए कहा कि हां, तुम प्यारी चुड़ैल हो।

अभिनेत्री के मुताबिक, उनके दोस्त भी इस किरदार को लेकर उनकी टांग खिंचाई करते रहते हैं।

एक शो करने आई थीं, लेकिन बन गया लंबा करियर

हिबा नवाब ने बताया कि जब उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था, तब उन्होंने इसे अपना लंबा करियर बनाने के बारे में नहीं सोचा था। उनका इरादा सिर्फ एक धारावाहिक करने का था और फिर इस पेशे को छोड़ने का विचार था।

हालांकि, पहले शो के बाद ही उन्हें दूसरा प्रोजेक्ट मिल गया। उस समय उनकी उम्र महज 17 साल थी।

अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए हिबा ने कहा कि वह खुद को शुरुआत में बहुत अच्छी अभिनेत्री नहीं मानती थीं। उन्होंने काम के दौरान काफी कुछ सीखा, गलतियां कीं और डांट भी खाई। धीरे-धीरे अनुभव के साथ उनके अभिनय में सुधार आया। अब वह चाहती हैं कि उनका सफर इसी तरह आगे बढ़ता रहे।

'झनक' के बाद एक साल तक नहीं मिला काम

हिबा ने अपने करियर के मुश्किल दौर के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि आमतौर पर एक प्रोजेक्ट खत्म होने के बाद वह अपनी मर्जी से दो से ढाई महीने का ब्रेक लेती हैं। लेकिन 'झनक' के खत्म होने के बाद उन्हें काम न मिलने की वजह से करीब एक साल तक घर बैठना पड़ा।

इस दौरान उनके तीन धारावाहिक बनने से पहले ही बंद हो गए। लगातार प्रोजेक्ट्स का रुकना उनके लिए निराशाजनक था। इसी समय परिवार में भी कुछ परेशानियां चल रही थीं, जिससे पिछला एक साल उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा।

लड़कियों के लिए सुरक्षा और परिवार का साथ जरूरी

महिलाओं की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण पर बात करते हुए हिबा ने कहा कि किसी भी लड़की के लिए जीवन में सुरक्षित महसूस करना बेहद जरूरी है। परिवार और आसपास के लोगों का व्यवहार उसके आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की क्षमता पर असर डालता है।

उनका मानना है कि किशोरावस्था से ही माता-पिता और परिवार के बड़े सदस्यों को लड़कियों को सुरक्षा और भरोसे का माहौल देना चाहिए। शादी के बाद भी जीवनसाथी का सहयोग और सम्मान महत्वपूर्ण होता है।

हिबा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके माता-पिता हमेशा उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कभी उन्हें डरने या घबराने नहीं दिया। अभिनेत्री के मुताबिक, आज उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसका बड़ा श्रेय उनके माता-पिता के समर्थन को जाता है।