'हनुमान अंश' की सफलता से उत्साहित निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, बताया- '2027 में दूसरे पार्ट पर होगा काम'
मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी अपनी फिल्म 'हनुमान अंश' को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म को अब गोवा में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में दिखाया जा रहा है। विशाल के लिए यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। उनका कहना है कि इफ्फी को फिल्मों का महाकुंभ कहा जाता है और यहां अपनी फिल्म लेकर पहुंचना उनके लिए बेहद खुशी की बात है।
उन्होंने बताया कि फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े निर्देशकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इफ्फी में आईएएनएस से बातचीत के दौरान विशाल ने फिल्म की सफलता, छोटे बजट की फिल्मों को मिलने वाले मौके और 'हनुमान अंश' के दूसरे पार्ट को लेकर बातचीत की।
आईएएनएस से बात करते हुए विशाल ने कहा, ''मैं हर साल इफ्फी में आने की इच्छा रखता था, लेकिन इससे पहले कभी यहां पहुंच नहीं पाया। गोवा की खूबसूरत जगहें और दुनियाभर की अच्छी फिल्मों के साथ बड़े निर्देशकों और निर्माताओं की मौजूदगी इस महोत्सव को खास बनाती है। यहां फिल्म बाजार भी लगता है, जहां फिल्म से जुड़े लोगों को एक-दूसरे से मिलने और अपने विचार साझा करने का मौका मिलता है, इसलिए इसे फिल्मों का महाकुंभ कहा जाता है। इस बार अपनी फिल्म के साथ इफ्फी पहुंचना मेरे लिए एक अलग अनुभव है।''
युवा फिल्ममेकर्स को लेकर विशाल ने कहा, ''किसी भी फिल्ममेकर को सबसे पहले अपने काम पर भरोसा करना चाहिए और अच्छी कहानी पर ध्यान देना चाहिए। इफ्फी जैसे प्लेटफॉर्म पर अच्छी फिल्म लेकर पहुंचना ज्यादा जरूरी है। यहां बड़े निर्माता, निर्देशक और कई फिल्म प्लेटफॉर्म मौजूद रहते हैं। ऐसे में नए फिल्ममेकर्स को अपने काम को दिखाने, लोगों से मिलने और उनसे सीखने का मौका मिलता है। यह उनके लिए आगे बढ़ने का अच्छा मंच है।''
छोटे बजट की फिल्मों को थिएटर में कम स्क्रीन मिलने के मुद्दे पर भी विशाल ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ''बड़ी फिल्मों के बीच छोटी फिल्मों को जगह नहीं मिल पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। थिएटर चलाने वाली कंपनियों और एग्जिबिटर्स को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि आखिर में दर्शक अच्छी कहानी देखने आते हैं। छोटी फिल्में भी अपनी कहानी के दम पर बड़ा कारोबार कर सकती हैं। 'हनुमान अंश' और 'स्पाइडर-वर्स' जैसी फिल्मों ने साबित किया है कि हर अच्छी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचने का मौका मिलना चाहिए।''
विशाल ने कहा, ''बड़ी फिल्मों को ज्यादा स्क्रीन मिलना गलत नहीं है, क्योंकि उनके बजट और लागत को भी वापस निकालना होता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि छोटी फिल्मों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया जाए। अगर किसी थिएटर चेन के पास 20 से 25 स्क्रीन हैं, तो उनमें से कम से कम एक स्क्रीन पर छोटी फिल्मों को जगह दी जा सकती है। एक-दो हफ्ते में रिलीज हुई ऐसी फिल्मों को कुछ शो मिलें, तो हो सकता है कि उनमें से कोई फिल्म दर्शकों को पसंद आ जाए और अच्छा प्रदर्शन करने लगे।''
'हनुमान अंश 2' को लेकर विशाल ने कहा, ''फिलहाल फिल्म की तैयारी शुरू नहीं हुई है। अभी इसकी स्क्रिप्ट लिखना भी शुरू नहीं किया है। प्लान के मुताबिक, 2027 में दूसरे पार्ट की कहानी लिखने का काम शुरू करेंगे। इसके बाद 2028 में फिल्म बनाने को लेकर आपस में बैठकर चर्चा करेंगे।''
फिल्म को इंडस्ट्री के बड़े निर्देशकों से मिली तारीफ पर विशाल ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, ''मधुर भंडारकर और आनंद एल. राय ने मुझे फोन किया और फिल्म की तारीफ की। इसके अलावा आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर फिल्म के बारे में लिखा। कई दूसरे फिल्ममेकर्स की तरफ से भी मुझे मैसेज मिले। जब इतने अनुभवी और सफल निर्देशक किसी फिल्म के बारे में अच्छी बातें लिखते हैं, तो यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात होती है।''
--आईएएनएस
पीके/एबीएम