'हमेशा साथ चलें', शादी की सालगिरह पर पृथ्वीराज सुकुमारन ने पत्नी के लिए किया खास पोस्ट
मुंबई, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन शनिवार को अपनी शादी की सालगिरह मना रहे हैं। इस अवसर पर अभिनेता और उनकी पत्नी ने सोशल मीडिया के जरिए एक दूसरे के लिए खास पोस्ट किया।
पृथ्वीराज सुकुमारन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर सुप्रिया के साथ तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर में कपल एक सुनसान सड़क पर खड़े होकर पोज देते नजर आ रहे हैं। तस्वीर साझा करते हुए पृथ्वीराज ने लिखा, "शादी की सालगिरह मुबारक हो, पार्टनर। मैं उम्मीद करता हूं कि हम साथ में और भी यात्राएं करें, नई-नई चीजें खोजें और हमेशा हर मुश्किल का सामना एक साथ करें।"
अभिनेता का पोस्ट सभी को बेहद पसंद आ रहा है। उनके साथी कलाकार और दोस्त पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अभिनेता नील नितिन मुकेश ने लिखा, "हैप्पी एनिवर्सरी। भगवान आप दोनों और पूरे परिवार को आशीर्वाद दें।" वहीं, बोमन ईरानी ने बधाई देते हुए लिखा, "आप दोनों को शादी की सालगिरह मुबारक।"
वहीं, सुप्रिया मेनन ने भी पति को मजेदार अंदाज में बधाई दी। उन्होने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसकी एक तस्वीर जिम के अंदर की है। इस तस्वीर में पृथ्वीराज अपनी बाइसेप्स फ्लॉन्ट करते दिख रहे हैं, जबकि सुप्रिया उनके साथ मुस्कुराते हुए सेल्फी ले रही हैं।
सुप्रिया ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी शादी को 15 साल पूरे हो चुके हैं। उन्होंने लिखा, "शादी की 15वीं सालगिरह मुबारक हो पृथ्वी। उम्मीद है कि हमारी पूरी जिंदगी एली कुट्टी (बेटी) और जोरो (पालतू कुत्ता) के साथ खुशी खुशी बीते।"
बता दें कि पृथ्वीराज ने साल 2011 में सुप्रिया से केरल के पलक्कड़ में एक निजी समारोह में शादी की। यह एक लव मैरिज थी।
पृथ्वीराज जल्द ही फिल्ममेकर राजामौली की आगामी फिल्म 'वाराणसी' में नजर आएंगे। इस बहुचर्चित फिल्म में महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा जोनस भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
--आईएएनएस
एनएस/डीकेपी