Haivan Box Office: वीकेंड पर भी नहीं चला Akshay-Saif का जादू, तीन दिन में इतनी कमाई
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' से बॉक्स ऑफिस पर काफी उम्मीदें थीं. दोनों कलाकार करीब 18 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आए हैं. हालांकि रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों का वैसा रिस्पॉन्स नहीं मिला, जिसकी उम्मीद की जा रही थी.
'हनुमान अंश' और 'मिर्जापुर द मूवी' जैसी फिल्मों के बीच रिलीज हुई 'हैवान' ने पहले दिन धीमी शुरुआत की. उम्मीद थी कि शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में उछाल आएगा, लेकिन वीकेंड पर भी कलेक्शन में बढ़ोतरी के बजाय गिरावट देखने को मिली.
तीसरे दिन कितना कमाया?
'हैवान' की कमाई के शुरुआती आंकड़े फिल्म के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं. रिलीज के पहले दिन फिल्म ने करीब 3 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इसके बाद दूसरे दिन कमाई घटकर 2.50 करोड़ रुपये रह गई.
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने तीसरे दिन यानी रविवार को करीब 1.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. इस तरह तीन दिनों में 'हैवान' का कुल नेट कलेक्शन लगभग 7.35 करोड़ रुपये हो गया है.
वीकेंड के दौरान लगातार कम होते कलेक्शन से संकेत मिलता है कि फिल्म को सिनेमाघरों में दर्शक जुटाने में मुश्किल हो रही है.
सोमवार को होगी असली परीक्षा
पहले वीकेंड में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद अब फिल्म के लिए सोमवार का कलेक्शन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. आमतौर पर किसी फिल्म की बॉक्स ऑफिस पकड़ का अंदाजा पहले सोमवार के प्रदर्शन से भी लगाया जाता है.
अगर 'हैवान' सोमवार को अपनी कमाई को स्थिर रखने में कामयाब रहती है तो फिल्म को आगे कुछ राहत मिल सकती है. वहीं, कलेक्शन में बड़ी गिरावट आने पर इसकी बॉक्स ऑफिस चुनौती और बढ़ सकती है.
प्रियदर्शन ने किया है डायरेक्शन
'हैवान' एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है. फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है.
फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर, सैयामी खेर, असरानी और राजपाल यादव भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल का कैमियो भी देखने को मिलता है.
अब देखना होगा कि सोमवार से शुरू होने वाले वीकडेज में 'हैवान' बॉक्स ऑफिस पर अपनी स्थिति मजबूत कर पाती है या इसकी कमाई में गिरावट का सिलसिला जारी रहता है.