×

Haivan Box Office: अक्षय-सैफ की 'हैवान' की धीमी शुरुआत, पहले दिन महज इतनी हुई कमाई
 

 

अक्षय कुमार और सैफ अली खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'हैवान' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। करीब 18 साल बाद दोनों सितारों की जोड़ी बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आई है। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जिनके साथ अक्षय कुमार की जोड़ी पहले भी दर्शकों को पसंद आ चुकी है। ऐसे में फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन पहले दिन इसकी कमाई उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही।
रिलीज के साथ ही 'हैवान' को सिनेमाघरों में पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रही 'मिर्जापुर द मूवी' और 'हनुमान अंश' से कड़ी टक्कर मिली। इन फिल्मों की लोकप्रियता का असर अक्षय और सैफ की फिल्म की ओपनिंग पर साफ दिखाई दिया।


पहले दिन 'हैवान' ने कितने करोड़ कमाए?
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी 'हैवान' अक्षय कुमार और सैफ अली खान की 2008 में आई फिल्म 'टशन' के बाद पहली साथ वाली फिल्म है। लंबे अंतराल के बाद दोनों को फिर एक साथ देखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता थी, लेकिन यह उत्साह टिकट खिड़की पर नजर नहीं आया।
फिल्म की एडवांस बुकिंग भी बहुत मजबूत नहीं रही थी। रिलीज के बाद दर्शकों की तरफ से फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, जिसका सीधा असर इसके पहले दिन के कलेक्शन पर पड़ा।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'हैवान' ने ओपनिंग डे पर करीब 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हालांकि, ये शुरुआती आंकड़े हैं और आधिकारिक आंकड़े सामने आने के बाद कलेक्शन में थोड़ा बदलाव हो सकता है।
'मिर्जापुर द मूवी' और 'हनुमान अंश' बनीं बड़ी चुनौती
'हैवान' की कम ओपनिंग की एक बड़ी वजह बॉक्स ऑफिस पर मौजूद दूसरी फिल्मों से मिली टक्कर भी मानी जा रही है। 'मिर्जापुर द मूवी' को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, जबकि 'हनुमान अंश' की लोकप्रियता में भी तेजी देखने को मिली है।
दोनों फिल्मों ने हिंदी बेल्ट में अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। अच्छी ऑक्यूपेंसी और दर्शकों की मांग के चलते इन फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन और शो मिले हैं। ऐसे में 'हैवान' के लिए कई सिनेमाघरों में स्क्रीन और शो की संख्या प्रभावित हुई, जिसका असर ओपनिंग कलेक्शन पर पड़ा।
अब फिल्म की नजर वीकेंड कलेक्शन पर है। अगर शनिवार और रविवार को दर्शकों की संख्या बढ़ती है तो 'हैवान' की बॉक्स ऑफिस स्थिति में सुधार देखने को मिल सकता है।


'हैवान' की स्टारकास्ट और कहानी से जुड़ी खास बातें
'हैवान' का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं।
फिल्म में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल का कैमियो भी है। 'हैवान' प्रियदर्शन की मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का हिंदी रीमेक है। ऐसे में अब देखना होगा कि शुरुआती सुस्त शुरुआत के बाद फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितना दम दिखा पाती है।