'गुल्लक सीजन 5' का ओटीटी पर धमाल, जमील खान, हर्ष मयार और हेली शाह ने खोले सेट के दिलचस्प राज
मुंबई, 12 जून (आईएएनएस)। पारिवारिक ड्रामा वेब सीरीज 'गुल्लक सीजन 5' ओटीटी पर धमाल मचा रहा है। यह शो मिश्रा परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी, खट्टे-मीठे पलों और आर्थिक चुनौतियों की सादगी भरी कहानी को दिखाता है। सीरीज के कलाकारों ने आईएएनएस के साथ बातचीत की और अपने अनुभव को शेयर किया।
सीरीज में पिता संतोष मिश्रा का मुख्य किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता जमील खान ने आईएएनएस के साथ बातचीत में सीजन को लेकर दिलचस्प बातें शेयर कीं।
जमील खान ने कहा, "इस सफर में ऑफिस की जिम्मेदारियों और एक पिता की भूमिका के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती रही है। इन दोनों चीजों से जुड़े संघर्षों को निभाना, अपने परिवार को आगे बढ़ाना, बच्चों को क्या देना है और क्या नहीं, इसका फैसला करना, हर परिस्थिति में उनका सहारा बनना और जिंदगी में आने वाले हर बदलाव को संभालना ही संतोष मिश्रा की असल कहानी है।"
उन्होंने आगे कहा, "'गुल्लक' की यह खासियत रही है कि यह हमेशा हमें हंसाता है और देखते-देखते कभी-कभी हमारी आंखें भी नम कर देता है। इस बार भी दर्शकों को वही सब देखने को मिल रहा है और जिन्होंने इसे देखा है, वे इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं।"
सीरीज में हर्ष मयार ने अमन छोटे लड़के का किरदार निभाया है। उन्होंने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, "जिन्होंने इस शो को देखा है उन्होंने हमारी सीरीज को भरपूर प्यार दिया है। पहले सीजन की एक लाइन इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल रहती है कि खाली आदमी से तो जमीन भी चिढ़ती है, तो वो लाइन मैंने अपने घर में काम करने वाली से सीखा था।"
टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री हेली शाह ने भी वेब सीरीज 'गुल्लक' के जरिए अपना ओटीटी डेब्यू किया है। अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें गुल्लक के सेट पर बहुत कुछ सीखने को मिला था। सेट पर काम करने का माहौल और तरीका उनके लिए बिल्कुल नया और अनोखा था। मैंने सेट पर पहुंचकर सब कुछ नए सिरे से सीखा। लाइटिंग कैसे होती है, रिहर्सल कैसे की जाती है और फिर से लाइटिंग कैसे सेट होती है। ये सब बेहद बुनियादी चीजें थीं, लेकिन जिस जुनून और ईमानदारी के साथ पूरी टीम काम कर रही थी, उसने मुझे गहराई से प्रेरित किया।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम