गोविंदा-सुनीता आहूजा के रिश्ते में आई राहत, वीडियो में जाने पत्नी ने वापस लिया तलाक का केस; बेटे यशवर्धन के साथ फैमिली कोर्ट पहुंचीं
बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही चर्चाओं के बीच अब बड़ी खबर सामने आई है। सुनीता आहूजा ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। बुधवार को सुनीता को उनके बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ मुंबई की फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है।
दैनिक भास्कर से बातचीत में गोविंदा के मैनेजर शशि रंजन ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सुनीता आहूजा ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। शशि रंजन के मुताबिक अब सब ठीक है और दोनों के बीच स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।उन्होंने पिछले करीब दो वर्षों के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि यह समय अच्छा नहीं रहा। हालांकि, अब तलाक की अर्जी वापस लिए जाने के बाद दोनों के बीच रिश्ते बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है। सुनीता और गोविंदा की शादी को कई दशक हो चुके हैं और दोनों के दो बच्चे हैं।
बेटे यशवर्धन के साथ फैमिली कोर्ट पहुंचीं सुनीता
बुधवार को सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन के साथ मुंबई फैमिली कोर्ट पहुंचीं। कोर्ट से बाहर निकलने के दौरान पैपराजी ने दोनों से वहां हुई कार्रवाई को लेकर सवाल किया। इसका वीडियो भी सामने आया है। जब उनसे पूछा गया कि कोर्ट में क्या हुआ, तो यशवर्धन ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “कुछ नहीं हुआ। जाने दीजिए।”इसके बाद यशवर्धन अपनी मां को कैमरों से बचाते हुए कार तक लेकर गए। उन्होंने मीडिया की मौजूदगी के बीच अपनी मां को सुरक्षित तरीके से कार में बैठाया। इस दौरान सुनीता भी कुछ नाराज नजर आईं।
पैपराजी से नाराज दिखीं सुनीता
कार में बैठने से पहले सुनीता आहूजा ने पैपराजी की ओर देखते हुए नाराजगी जाहिर की। वीडियो में वह इरिटेट होकर कुछ कहती हुई नजर आईं। उन्होंने कहा, “बर्थडे मना...” हालांकि, उनका पूरा बयान स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया।कोर्ट से बाहर आए इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, उनके निजी रिश्ते को लेकर सामने आई तमाम खबरों के बीच अब सबसे अहम बात यह है कि सुनीता ने तलाक की अर्जी वापस ले ली है।
दो साल से चल रही थीं रिश्ते को लेकर चर्चाएं
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले करीब दो वर्षों से अलग-अलग तरह की खबरें सामने आती रही हैं। दोनों की शादी लंबे समय से बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में शामिल रही है। कई मौकों पर दोनों के बीच अनबन की खबरों ने भी सुर्खियां बटोरीं।अब सुनीता की ओर से तलाक की अर्जी वापस लेने की जानकारी सामने आने के बाद माना जा रहा है कि दोनों के रिश्ते में सुधार हुआ है। गोविंदा के मैनेजर शशि रंजन ने भी स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई है।फिलहाल सुनीता या गोविंदा की ओर से इस पूरे मामले पर कोई विस्तृत सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन फैमिली कोर्ट से जुड़ी यह घटना और तलाक की अर्जी वापस लिए जाने की खबर ने गोविंदा के प्रशंसकों को जरूर राहत दी है।