×

जेनेलिया डिसूजा को याद आए पुराने दिन, साउथ फिल्म के गाने पर शेयर किए जज्बात

 

मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं, बल्कि साउथ सिनेमा में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ चुकी हैं। दरअसल, अभिनेत्री ने अपने करियर की शुरुआत साउथ सिनेमा से ही की थी। उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम करके दर्शकों का दिल जीता है।

शुक्रवार को जेनेलिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी पुरानी साउथ इंडियन फिल्मों में से एक का गाना शेयर करते हुए पुरानी यादें ताजा कीं। इस पोस्ट में जेनेलिया ने अपनी कुछ पुरानी तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें वे पारंपरिक साड़ी लुक में नजर आ रही हैं। साथ ही, अभिनेत्री ने 'नल्ला नल्लानी कल्ला' ऐड किया, जिसे उन्होंने अपने मनपसंद गानों में से एक बताया।

एक्ट्रेस ने बताया कि जब भी वह अपना कोई पुराना गाना पोस्ट करती हैं और उसे ट्रेंड करते हुए देखती हैं, तो उन्हें पुरानी यादों का एक जबरदस्त एहसास होता है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ भावनाएं सिर्फ ट्रेंड से कहीं ज्यादा होती हैं, क्योंकि वे जिंदगी भर साथ रहती हैं।

जेनेलिया ने पोस्ट कर लिखा, "जब भी मैं अपने पुराने साउथ गाने जोड़ती हूं, तो एक अलग ही यादें ताजा हो जाती हैं, और जब उन्हें ट्रेंड करता हुआ देखती हूं, तो लगता है कि कुछ फिल्में और भावनाएं ट्रेंड से परे होती हैं; वे हमेशा के लिए याद रहती हैं।"

बता दें कि 'नल्ला नल्लानी कल्ला' गाना साल 2004 में रिलीज हुई लोकप्रिय तेलुगु फिल्म 'सई' में फिल्माया गया था। इस रोमांटिक गाने को एम.एम. कीरावानी ने कंपोज किया है और उन्होंने ही के.एस. चित्रा के साथ मिलकर इसे अपनी आवाज भी दी थी।

गाने को जेनेलिया के साथ नितिन ने अपनी परफॉर्मेंस से और भी शानदार बना दिया था। गाना सोशल मीडिया पर काफी ट्रेंड करता है। तेलुगु यूजर्स गाने पर रील्स बनाकर ट्रेंड का हिस्सा बनते हैं।

'नल्ला नल्लानी कल्ला' एक लोकप्रिय तेलुगु गाना है, जिसका अर्थ 'काली-काली आंखें' होता है। यही कारण है कि गाने को अच्छी तरह से बयां करने के लिए जेनेलिया की आंखों पर ज्यादा फोकस किया गया है।

--आईएएनएस

एनएस/एएस