Gemini Ganesan: रेखा के पिता ने की थीं तीन शादियां, 78 साल की उम्र में खुद से 36 साल छोटी महिला से रचाया था विवाह
हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री रेखा अपनी खूबसूरती, अभिनय और निजी जिंदगी को लेकर हमेशा चर्चा में रही हैं। हालांकि, अभिनय की दुनिया से उनका रिश्ता परिवार के जरिए भी जुड़ा था। उनके पिता जेमिनी गणेशन और मां पुष्पावली दक्षिण भारतीय सिनेमा के जाने-माने कलाकार थे। जेमिनी गणेशन को पर्दे पर उनके रोमांटिक अंदाज के लिए 'किंग ऑफ रोमांस' कहा जाता था। उनकी फिल्मों की तरह ही निजी जिंदगी भी काफी सुर्खियों में रही। उन्होंने अपने जीवन में तीन शादियां की थीं।
रोमांटिक भूमिकाओं से मिली 'किंग ऑफ रोमांस' की पहचान
जेमिनी गणेशन का जन्म 17 नवंबर 1920 को तमिलनाडु के पुदुकोट्टई में हुआ था। उन्होंने 1947 में आई फिल्म 'मिस मालिनी' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद 1952 की फिल्म 'थाई उल्लाम' में नकारात्मक भूमिका निभाकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
धीरे-धीरे जेमिनी गणेशन दक्षिण भारतीय सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में शामिल हो गए। उन्होंने 'कलाथुर कन्नाम्मा', 'मिसियाम्मा', 'वीरपांडिया कट्टाबोम्मन', 'पार्थिबन कनावु' और 'वंजिक्कोट्टई वालिबन' जैसी फिल्मों में काम किया। तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी सहित अलग-अलग भाषाओं की 200 से ज्यादा फिल्मों में नजर आए जेमिनी को खासतौर पर रोमांटिक किरदारों के लिए पसंद किया जाता था। इसी वजह से उन्हें 'काधल मन्नान' यानी रोमांस का राजा कहा गया।
पहली पत्नी से हुईं चार बेटियां, पुष्पावली से भी जुड़ा रिश्ता
जेमिनी गणेशन की पहली शादी 1940 में अलामेलू से हुई थी। इस शादी से उनकी चार बेटियां जयालक्ष्मी, नारायणी, रेवती और कमला हुईं। इसके बाद अभिनेत्री पुष्पावली के साथ काम करते हुए जेमिनी उनके करीब आ गए। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और उनसे दो बेटियां रेखा और राधा हुईं। हालांकि, जेमिनी और पुष्पावली ने शादी नहीं की थी।
बाद में जेमिनी गणेशन का नाम अभिनेत्री सावित्री के साथ जुड़ा। बताया जाता है कि इस रिश्ते के कारण पुष्पावली और जेमिनी के संबंधों में दूरी आ गई। इसके बाद जेमिनी ने 1954 में सावित्री से शादी कर ली।
78 साल की उम्र में तीसरी शादी कर फिर बटोरी सुर्खियां
जेमिनी गणेशन की दूसरी पत्नी और मशहूर अभिनेत्री सावित्री का 1981 में निधन हो गया था। बताया जाता है कि निधन से पहले वह करीब 18 महीने तक कोमा में रही थीं। सावित्री की मौत के लगभग 17 साल बाद जेमिनी ने एक बार फिर शादी करने का फैसला किया।
साल 1998 में 78 साल की उम्र में उन्होंने जूलियाना से तीसरी शादी की। जूलियाना उनसे उम्र में करीब 36 साल छोटी थीं। इस विवाह ने एक बार फिर जेमिनी की निजी जिंदगी को चर्चा में ला दिया।
जेमिनी गणेशन का 22 मार्च 2005 को निधन हो गया। अपने लंबे फिल्मी करियर और रोमांटिक छवि के कारण वह दक्षिण भारतीय सिनेमा के यादगार अभिनेताओं में गिने जाते हैं।