दिसंबर में सिनेमाघरों में होगा फिल्मों का धमाका, सलमान की ‘मातृभूमि’ से शाहरुख की ‘किंग’ तक ये फिल्में होंगी रिलीज
साल 2026 का आखिरी महीना दिसंबर मनोरंजन के लिहाज से काफी खास रहने वाला है। क्रिसमस और नए साल की छुट्टियों के बीच फिल्म निर्माता दर्शकों के लिए कई बड़ी फिल्में लेकर आ रहे हैं। इस महीने बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और शाहरुख खान की फिल्मों के साथ कई नई कहानियां भी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेंगी।
दिसंबर की शुरुआत सलमान खान की ‘मातृभूमि’ और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ से होगी। वहीं महीने के आखिरी सप्ताह में शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ रिलीज होगी। इसके अलावा ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ और ‘प्यादे’ जैसी फिल्में भी सिनेमाघरों में दस्तक देंगी।
आइए जानते हैं दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली फिल्मों की पूरी जानकारी।
1. मातृभूमि
सलमान खान फिल्म ‘मातृभूमि’ के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इसमें सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इनके अलावा जेन शॉ, अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी फिल्म का हिस्सा हैं। एक्शन और ड्रामा से भरपूर इस फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है।
2. ईठा
‘ईठा’ महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उटेकर ने किया है। इसमें श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव और अनंत वी. जोशी नजर आएंगे। फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की लोककला और एक कलाकार के संघर्ष को पर्दे पर पेश करेगी।
3. प्यादे
शेखर एस. झा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘प्यादे’ भी दिसंबर के पहले सप्ताह में रिलीज होगी। इसे रिंकू सिंह ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में जिमी शेरगिल, प्रनूतन बहल और अध्ययन सुमन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका वितरण सिनेपोलिस इंडिया करेगा। फिलहाल फिल्म की कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
4. गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट
‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ सपनों, महत्वाकांक्षाओं और संघर्षों पर आधारित फिल्म है। इसकी कहानी अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए किए जाने वाले त्याग और मेहनत को दिखाएगी। फिल्म को गणेश आचार्य ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि सौंदर्या आचार्य इसकी निर्माता हैं। इसे V2S प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है।
5. किंग
दिसंबर की सबसे चर्चित फिल्मों में शाहरुख खान की ‘किंग’ शामिल है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। इसके अलावा अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी, राघव जुयाल और अभय वर्मा जैसे कलाकार भी फिल्म में अहम भूमिकाएं निभा रहे हैं।
फिल्म की कहानी एक खतरनाक हत्यारे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक युवती को अपराध की दुनिया में आगे बढ़ने के गुर सिखाता है। इसमें अभिषेक बच्चन विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म क्रिसमस ईव यानी 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर होगी बड़ी टक्कर
दिसंबर में सलमान और शाहरुख जैसे बड़े सितारों की फिल्मों के रिलीज होने से बॉक्स ऑफिस पर रौनक रहने की उम्मीद है। महीने की शुरुआत में एक ही दिन तीन फिल्में रिलीज होंगी, जबकि आखिरी सप्ताह में ‘किंग’ दर्शकों के सामने आएगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि साल के आखिरी महीने में कौन-सी फिल्म दर्शकों का सबसे ज्यादा मनोरंजन करती है।