एक्ट्रेस फातिमा सना शेख की सीरीज 'तीन कौए' का फर्स्ट लुक जारी
मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री फातिमा सना शेख अब एक्शन से भरपूर किरदार में दर्शकों के सामने आने वाली हैं। मनीष मल्होत्रा की रोमांटिक ड्रामा फिल्म के बाद अब वे प्राइम वीडियो की आगामी सीरीज 'तीन कौए' में नजर आएंगी।
इस स्पाई थ्रिलर सीरीज की कास्ट काफी दमदार है। इसमें फातिमा सना शेख, पवैल गुलाटी, सिद्धांत गुप्ता, बॉबी देओल, और रॉनित रॉय जैसे कलाकार अहम भूमिका में नजर आएंगे। गुरुवार को मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक जारी कर दिया, जिसने दर्शकों के उत्साह को बढ़ा दिया है।
सीरीज की कहानी एक पूर्व सीक्रेट एजेंट के ईर्द-गिर्द घूमती है, जिसे गद्दार मानकर सात साल पहले मृत घोषित कर दिया गया था। अब वह वापस लौटता है और उस धोखेबाज व्यक्ति की तलाश में निकलता है, जिसने उसे फंसाया था। लेकिन मुश्किल यह है कि उसकी अपनी एजेंसी अब उसे मारने की कोशिश कर रही है। यह एक हाई-स्टेक स्पाई ड्रामा है, जिसमें विश्वासघात, रहस्य और एक्शन का तड़का लगा है।
प्रियंका घोष द्वारा निर्देशित स्पाई थ्रिलर सीरीज को सिद्धार्थ रॉय कपूर द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाली है। हाल ही में प्राइम वीडियो के इवेंट के दौरान सीरीज की पूरी टीम ने शिरकत की।
शो के दौरान, सिद्धार्थ से सवाल पूछा गया, "पहले गैंबलिंग पर फिल्म बनाई, अब स्पाई पर, आप कैसे ऐसी अनोखी और कीमती कहानियां ढूंढ लेते हैं और उन्हें फिल्म में बदलते हैं?"
इस सवाल का जवाब देते हुए सिद्धार्थ ने कहा, "यह वाकई इतना मुश्किल नहीं था। यह कहानी मुझे खुद ही मिल गई, क्योंकि मैं वर्षों से इसके साथ जी रहा था। मुझे बस यह करना था कि मैं इसमें छिपी संभावनाओं को पहचानूं और उसे कहूं कि हमारे साथ इस पर काम करे। फिर प्रियंका घोष की टीम में शामिल होना और इस कहानी को इतनी खूबसूरती से स्क्रीन पर लाना। उन्होंने शो को जिस नजरिए से देखा और उसे कागज से स्क्रीन तक पहुंचाया, वह कमाल था, और इस कास्ट की बात करें तो, यह सच में एक ड्रीम कास्ट है।"
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम