×

'फरिश्ते’ के 35 साल पूरे, डायरेक्टर अनिल शर्मा ने पोस्ट शेयर कर ताजा की पुरानी यादें

 

मुंबई, 22 फरवरी (आईएएनएस)। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक प्रमुख डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर अनिल शर्मा ने रविवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पहले ट्विटर) पर फिल्म 'फरिश्ते' के 35 साल पूरे होने पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी पुरानी यादें ताजा की।

निर्देशक अनिल शर्मा ने मूवी के कुछ पोस्टर को शेयर करते हुए किरदारों को याद किया और पोस्ट कैप्शन में लिखा, " 'फरिश्ते' के 35 साल... साहस, भाईचारे और नियति की एक गाथा। जब दिग्गज एक साथ पर्दे पर आए… सिनेमा जीवन से भी बड़ा बन गया। समय बीतता है। महानता कायम रहती है।"

उन्होंने आगे लिखा, "धरम जी, विनोद जी, श्रीदेवी जी और सदाशिव जी हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।"

बॉलीवुड एक्शन-ड्रामा फिल्म 'फरिश्ते' 22 फरवरी 1991 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस मूवी को अनिल वर्मा ने डायरेक्ट किया था, जिसमें- धर्मेंद्र, विनोद खन्ना, श्रीदेवी और रजनीकांत मुख्य किरदार में थे। इनके अलावा जया प्रदा, स्वप्ना, कुलभूषण खरबंदा और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कलाकारों ने भी अपने बेहतरीन अभिनय का प्रदर्शन किया था।

1991 में आई यह फिल्म आज भी लोगों के जेहन में जिंदा और काफी लोकप्रिय है। 'फरिश्ते' मूवी को ब्लॉकबस्टर बनाने में इसके गानों का काफी अहम रोल रहा, जिसमें 'भाई-बहन का प्यार', 'तेरे बिना जग लगता है सूना', 'सात कुंवरों में एक कुंवारी', 'झंडा ऊंचा रहे हमारा' और 'राजा का बज गया बाजा' जैसे गाने शामिल हैं।

मूवी में प्रसिद्ध संगीतकार बप्पी लहरी ने संगीत दिया था, जो आज भी सदाबहार है। वहीं गाने को अपनी आवाज मोहम्मद अजीज, लता मंगेशकर, अमित कुमार, अनुराधा पौडवाल, शब्बीर कुमार और आशा भोसले जैसे सिंगरों ने दी थी।

'फरिश्ते' फिल्म की कहानी वीरू (धर्मेंद्र) और धीरू (विनोद खन्ना) नाम के दो छोटे अपराधियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बहन के पति की हत्या का बदला लेने के लिए एक क्रूर और तानाशाह राजा से लड़ते हैं।

3 घंटे और 8 मिनट की मूवी 'फरिश्ते' को सत्ती शौरी और मोना शौरी कपूर ने प्रोड्यूस किया था, जो धर्मेंद्र और विनोद खन्ना के साथ में आखिरी फिल्म थी।

--आईएएनएस

दीपा/एएस