लाइव कॉन्सर्ट में सोनू निगम के साथ मंच पर घुसा फैन, फुटेज में देखें सिंगर ने दी चेतावनी- “हर बार नहीं बचा पाऊंगा”
मशहूर बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम के लाइव कॉन्सर्ट के दौरान एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित एक लाइव शो के दौरान अचानक एक फैन स्टेज पर चढ़ गया और सिंगर के पैर छूने की कोशिश करने लगा। इस घटना के बाद सोनू निगम काफी असहज नजर आए।
बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट के दौरान जैसे ही सोनू निगम परफॉर्म कर रहे थे, तभी एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर सीधे स्टेज पर पहुंच गया। वह सिंगर के करीब जाकर उनके पैर छूने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली और युवक को मंच से नीचे उतारा।
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि अचानक हुई इस हरकत से सोनू निगम कुछ पल के लिए चौंक जाते हैं और असहज महसूस करते हैं।
कॉन्सर्ट के एक दिन बाद सोनू निगम ने खुद इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने फैंस को चेतावनी देते हुए लिखा, “क्यों पिटने वाले काम करते हो ऑडियंस? इस बार तो बचा लिया, हर बार नहीं बचा पाऊंगा।”
सोनू निगम ने वीडियो में फैन की हरकत पर तंज कसते हुए “वाह, शाबाश!” भी कहा। उनके इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कई लोगों ने कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, जबकि कुछ फैंस ने ऐसे व्यवहार को गलत बताया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में कई लाइव कॉन्सर्ट्स और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं। कई बार फैंस उत्साह में सुरक्षा सीमाएं पार कर देते हैं, जिससे कलाकारों और आयोजकों के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाती हैं।
फिलहाल सोनू निगम का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग लगातार इस घटना पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।