बॉक्स ऑफिस पर फिर मचेगा तहलका! 'हनुमान अंश 2' में क्या होगा खास? मेकर्स के इस खुलासे से बढ़ी फैंस की उत्सुकता
बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन करने वाली फिल्म 'हनुमान अंश' अब अपनी कहानी को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। 7 अगस्त को रिलीज हुई इस आध्यात्मिक फिल्म ने शुरुआत में भले ही धीमी रफ्तार पकड़ी हो, लेकिन सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ के चलते इसकी कमाई में लगातार तेजी देखने को मिली। फिल्म अब तक 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है और सिनेमाघरों में इसकी कमाई जारी है।
फिल्म के क्लाइमैक्स ने बढ़ाई सीक्वल की उम्मीद
फिल्म की सफलता के बाद अब दर्शकों की नजर इसके क्लाइमैक्स पर भी है। कहानी के अंत में मेकर्स ने संकेत दिया है कि नीम करौली बाबा की जीवन यात्रा अभी पूरी नहीं हुई है। फिल्म के अंत में दिखाई गई स्लेट में भी आगे की कहानी जारी रहने का संकेत मिलता है।
इसी के बाद से दर्शकों के बीच फिल्म के अगले भाग को लेकर उत्सुकता बढ़ गई थी। अब फिल्म के लेखक-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने भी इसकी पुष्टि कर दी है कि दूसरे भाग पर काम शुरू हो चुका है।
दूसरे भाग में दिखेगी नीम करौली बाबा की आगे की यात्रा
आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से बातचीत के दौरान विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि 'हनुमान अंश' के दूसरे भाग की तैयारी शुरू हो गई है। उन्होंने संकेत दिया कि अगली फिल्म में नीम करौली बाबा के जीवन के उन महत्वपूर्ण हिस्सों को दिखाया जाएगा, जो उनके जन्मस्थान फिरोजाबाद से जुड़े हैं।
इसके बाद कहानी आगरा, मथुरा और अन्य स्थानों तक आगे बढ़ेगी, जहां उनके जीवन और आध्यात्मिक यात्रा के अलग-अलग पहलुओं को दर्शाया जाएगा। इस दौरान फिल्म में नीम करौली बाबा की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनॉव सत्य भी निर्देशक के साथ मौजूद थे।
पहले से तीन फिल्मों की बनाई गई थी योजना
खास बात यह है कि 20 फरवरी 2026 को 'हनुमान अंश' की घोषणा के समय ही मेकर्स ने इसे तीन फिल्मों की सीरीज के तौर पर पेश किया था। ऐसे में फिल्म के दूसरे भाग पर काम शुरू होना इस फ्रेंचाइजी की पहले से तय योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
यह पूरी कहानी विशाल चतुर्वेदी की किताब 'डिवाइन डिटूर' से प्रेरित है। पहले भाग को मिली सफलता के बाद अब मेकर्स की नजर कहानी के अगले अध्याय पर है।
50 करोड़ के पार पहुंची फिल्म की कमाई
'हनुमान अंश' की बॉक्स ऑफिस सफलता ने फिल्म की फ्रेंचाइजी को नई मजबूती दी है। 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई के बाद अब दर्शकों की नजर इसके अगले भाग पर टिकी है।
सीक्वल में नीम करौली बाबा के जीवन के किन महत्वपूर्ण पड़ावों को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट और बाकी कलाकारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।