☰
×

अविनाश मिश्रा पर ईशा सिंह का फूटा गुस्सा, ब्रेकअप के बीच बोलीं- मुझे सबूत सामने लाने पर मजबूर न करें

 

टीवी की चर्चित जोड़ी अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में है। दोनों की नजदीकियां 'बिग बॉस 18' के दौरान चर्चा में आई थीं। शो में उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद 'पति पत्नी और वो सीजन 2' में भी दोनों की जोड़ी को लेकर काफी चर्चा हुई। हालांकि, अब दोनों के ब्रेकअप और एक-दूसरे पर धोखा देने के आरोपों की खबरें सामने आ रही हैं।

इस बीच ईशा सिंह ने पहली बार सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा पोस्ट साझा किया, जिसे लोग अविनाश मिश्रा के लिए जवाब मान रहे हैं। ईशा की पोस्ट में भरोसा टूटने, रिश्ते में धोखे और निजी जिंदगी को सार्वजनिक करने जैसे मुद्दों का जिक्र है।

ईशा सिंह ने अविनाश को दिया जवाब?

ईशा सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उनके चुप रहने और शांति बनाए रखने के फैसले को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने अविनाश के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि रिश्ते निजी होते हैं और उन्हें सार्वजनिक मनोरंजन का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए।

ईशा के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति खुद निजी रिश्तों की बातें लोगों के सामने रख रहा है, तो उसे दूसरों को प्राइवेसी का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ निजता की बात करना और दूसरी तरफ उसके विपरीत व्यवहार करना सही नहीं है।

'मुझे सबूत सामने लाने पर मजबूर न करें'

ईशा ने अपनी पोस्ट में आगे चेतावनी देते हुए लिखा कि उन्हें इस हद तक मजबूर न किया जाए कि उन्हें सभी सबूत और उनसे जुड़े लोगों के नाम सार्वजनिक करने पड़ें। उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद जो भी परिणाम होंगे, उनकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।

पोस्ट के आखिर में ईशा ने भरोसे को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा कि वह पहले भी किसी पर भरोसा करके गलती कर चुकी हैं और उस व्यक्ति ने पीठ पीछे उन्हें धोखा दिया था। अब वह पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हैं।

अविनाश मिश्रा ने भी की थी प्राइवेसी की अपील

इस विवाद के बीच अविनाश मिश्रा ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। इसमें उन्होंने लोगों से मामले को यहीं छोड़कर आगे बढ़ने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था कि पिछले कुछ सप्ताह कई लोगों के लिए मुश्किल रहे हैं।

अविनाश ने अपने पोस्ट में कहा था कि रिश्ते निजी होते हैं, सार्वजनिक मनोरंजन का साधन नहीं। हर चीज का मकसद व्यूज और एंगेजमेंट हासिल करना नहीं होना चाहिए। उन्होंने लोगों से संबंधित व्यक्तियों को शांति से अपनी जिंदगी जीने देने की अपील की थी।

फिलहाल दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं जारी हैं। ईशा की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर दोनों को लेकर बहस शुरू हो गई है। हालांकि, दोनों की ओर से ब्रेकअप की पूरी स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट संयुक्त बयान सामने नहीं आया है।