इमरान हाशमी की 'गनमास्टर G9' को मिला शानदार रिस्पॉन्स, क्रिटिक्स ने बताया ब्लॉकबस्टर; जेनेलिया के अवतार की भी तारीफ
इमरान हाशमी की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'गनमास्टर G9' आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर फिल्म के शुरुआती रिव्यू आने लगे हैं। दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने इसके एक्शन सीक्वेंस, कहानी, क्लाइमैक्स और कलाकारों की एक्टिंग की तारीफ की है।
फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त ने किया है। इसमें एक्शन, रोमांस और म्यूजिक का मेल देखने को मिलता है। शुरुआती प्रतिक्रियाओं के आधार पर फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता नजर आ रहा है।
फिल्म क्रिटिक ने बताया ब्लॉकबस्टर
फिल्म समीक्षक सुभाष के. झा ने 'गनमास्टर G9' की तारीफ करते हुए इसे ब्लॉकबस्टर बताया है। उन्होंने फिल्म के एक्शन और कहानी में मिलने वाले सरप्राइज की सराहना की। साथ ही इमरान हाशमी को इस साल का दूसरा विनर करार दिया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना रिव्यू साझा करते हुए लिखा कि फिल्म में लगातार एक्शन और चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलते हैं। उनके मुताबिक, इमरान हाशमी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन किया है।
दर्शकों को पसंद आई कहानी और क्लाइमैक्स
सोशल मीडिया पर फिल्म देखने वाले दर्शकों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने फिल्म को 5 में से 4 स्टार दिए। उनका कहना था कि फिल्म से उन्हें शुरुआत में ज्यादा उम्मीदें नहीं थीं, लेकिन कहानी, क्लाइमैक्स और म्यूजिक ने उन्हें प्रभावित किया।
एक अन्य दर्शक ने इमरान हाशमी और अपारशक्ति खुराना की एक्टिंग की तारीफ की। उन्होंने जेनेलिया देशमुख के नए अंदाज को भी खास बताया। इसके अलावा फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के लिए निर्देशक आदित्य दत्त की सराहना की।
हालांकि, ये फिल्म के शुरुआती सोशल मीडिया रिव्यू हैं। बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन आने वाले दिनों में दर्शकों की प्रतिक्रिया और कमाई से स्पष्ट होगा।
क्या है 'गनमास्टर G9' की कहानी?
फिल्म में इमरान हाशमी ईश्वर नाम के एक डेयरी किसान का किरदार निभा रहे हैं। उसकी जिंदगी सामान्य चल रही होती है, लेकिन एक बेरहम गैंग उसके परिवार को धमकी देने लगता है। इसके बाद ईश्वर को अपने उस हिंसक अतीत का सामना करना पड़ता है, जिसे वह पीछे छोड़ चुका था।
परिवार को बचाने के लिए उसे एक खतरनाक लड़ाई लड़नी पड़ती है। कहानी में एक्शन के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी जगह दी गई है।
जेनेलिया और अपारशक्ति भी अहम भूमिकाओं में
'गनमास्टर G9' में जेनेलिया देशमुख आरती के किरदार में हैं, जबकि अपारशक्ति खुराना देसू की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में अभिषेक सिंह, इनायत वर्मा और स्नेहल दीक्षित मेहरा समेत कई कलाकार भी नजर आएंगे।
आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस फिल्म का म्यूजिक हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। शुरुआती रिव्यू में एक्शन, संगीत और कलाकारों के अभिनय की तारीफ के बाद अब देखना होगा कि फिल्म सिनेमाघरों में कितनी दर्शकों को आकर्षित कर पाती है।