Drishyam 3: थिएटर में पति अभिषेक पाठक का खास मैसेज देखकर भावुक हुईं शिवालिका, बोलीं- पत्नी होने पर गर्व है
अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसकी कहानी के साथ-साथ निर्देशन की भी चर्चा हो रही है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है।
फिल्म की रिलीज के बीच अभिषेक पाठक की पत्नी और एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। थिएटर में फिल्म देखते समय एंड क्रेडिट्स में अपने लिए लिखा पति का खास संदेश देखकर शिवालिका भावुक हो गईं। उनकी आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने इस खास पल को सोशल मीडिया पर शेयर किया।
End Credits में मिला खास सरप्राइज
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में शिवालिका फिल्म के आखिर में चल रहे क्रेडिट्स को देखती नजर आ रही हैं। इसी दौरान स्क्रीन पर अभिषेक पाठक की ओर से उनके लिए लिखा संदेश दिखाई देता है।
इस संदेश में अभिषेक ने फिल्म के सफर के दौरान शिवालिका के सहयोग और सपोर्ट के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। अपने लिए लिखे इस संदेश को बड़े पर्दे पर देखकर शिवालिका खुद को भावुक होने से नहीं रोक सकीं।
‘सिर्फ मुझे नहीं, कई लोगों को खास लगा ये पल’
वीडियो के साथ शिवालिका ने अपने अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने यह संदेश बड़े पर्दे पर देखा तो उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि उन्हें मिल रहे मैसेज से पता चला कि इस पल ने सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों को भी भावुक किया।
उन्होंने अभिषेक के साथ फिल्म के सफर को याद करते हुए बताया कि जब उन्होंने यह यात्रा शुरू की थी, तब दोनों को अंदाजा नहीं था कि आगे जिंदगी में कितनी चुनौतियां आने वाली हैं।
मुश्किल दौर में भी पति पर बना रहा भरोसा
शिवालिका ने अपने पोस्ट में लिखा कि इस सफर के दौरान कई तरह के त्याग करने पड़े। मुश्किल समय आया, एक-दूसरे से दूर रहना पड़ा और कई ऐसे मौके भी आए जिन्होंने उनके रिश्ते की परीक्षा ली।
हालांकि, इन सबके बावजूद उन्होंने अभिषेक की सोच और उनके काम पर अपना भरोसा बनाए रखा। शिवालिका ने कहा कि आज जब दर्शक अभिषेक के काम की तारीफ कर रहे हैं, तो उन्हें लगता है कि इस सफर के दौरान आई हर मुश्किल इसके लायक थी।
बेटी को लेकर भी कही दिल की बात
शिवालिका ने अपनी बेटी आरिका का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार वह उसे देखकर सोचती हैं कि एक दिन जब उनकी बेटी बड़ी होगी तो उसे यह जानकर कितना गर्व होगा कि उसके पिता ने ‘दृश्यम’ जैसी फिल्म का निर्देशन किया था।
उन्होंने अभिषेक के लिए अपने प्यार और सम्मान का इजहार करते हुए कहा कि उन्हें उनकी पत्नी होने पर बेहद गर्व है।
2023 में हुई थी दोनों की शादी
अभिषेक पाठक और शिवालिका ओबेरॉय ने साल 2023 में गोवा में शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘खुदा हाफिज’ के दौरान हुई थी, जिसका निर्देशन भी अभिषेक पाठक ने किया था। इसी साल दोनों ने अपनी बेटी का स्वागत किया है। अब ‘दृश्यम 3’ की सफलता के बीच शिवालिका का यह इमोशनल पोस्ट दोनों की निजी जिंदगी की झलक भी दिखा रहा है।