Drishyam 3 Box Office: 32वें दिन भी जारी है अजय देवगन की फिल्म की कमाई, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 585 करोड़ के पार
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' रिलीज के पांच हफ्ते बाद भी बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है। फिल्म ने पांचवें वीकेंड पर अच्छी कमाई की, लेकिन सोमवार को इसके कलेक्शन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद यह सिनेमाघरों में मौजूद कुछ नई फिल्मों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। आइए जानते हैं कि फिल्म ने रिलीज के 32वें दिन कितनी कमाई की।
पांचवें सोमवार को कलेक्शन में आई गिरावट
'दृश्यम' फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। नई फिल्मों की रिलीज के बीच भी दर्शकों के बीच इसकी दिलचस्पी बनी हुई है।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पांचवें शनिवार यानी 30वें दिन 1.65 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, रविवार को 31वें दिन इसकी कमाई बढ़कर 1.75 करोड़ रुपये रही।
हालांकि, सोमवार को फिल्म की कमाई में करीब 68.6 प्रतिशत की गिरावट आई और 32वें दिन इसने लगभग 55 लाख रुपये का कारोबार किया।
भारत में 377 करोड़ और दुनियाभर में 585 करोड़ पार
32 दिनों के कारोबार के बाद 'दृश्यम 3' का भारत में कुल नेट कलेक्शन 377.90 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, इसका ग्रॉस डोमेस्टिक कलेक्शन 452.59 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
विदेशी बाजारों में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 585.49 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
बजट से पांच गुना से ज्यादा हुई कमाई
'बॉलीवुड मूवी रिव्यूज़' के आंकड़ों के मुताबिक, 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' को बनाने में करीब 110 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें मार्केटिंग और अन्य खर्च भी शामिल बताए गए हैं।
फिल्म का दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन इसके बजट से पांच गुना से ज्यादा हो चुका है। इससे पहले फ्रैंचाइजी की दूसरी फिल्म 'दृश्यम 2' का निर्माण बजट करीब 90 करोड़ रुपये था, जबकि कलाकारों और क्रू की सैलरी पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। वहीं, पहली 'दृश्यम' का बजट करीब 65 करोड़ रुपये बताया गया था।
क्या है 'दृश्यम 3' की कहानी?
फिल्म की कहानी विजय सलगांवकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सालों पहले कानून की पकड़ से बच निकलने में कामयाब रहा था। लेकिन अब उसका पुराना अतीत एक बार फिर उसके सामने आ खड़ा होता है।
मीरा देशमुख नए इरादे के साथ लौटती हैं। इस बार उनका मकसद अदालत के जरिए न्याय पाना नहीं, बल्कि बदला लेना है। कहानी में उस समय नया मोड़ आता है, जब क्राइम ब्रांच का एक तेज-तर्रार अधिकारी मामले की जांच शुरू करता है। अपने परिवार को बचाने और पुराने राज को छिपाए रखने के लिए विजय को फिर से अपनी सूझबूझ का इस्तेमाल करना पड़ता है।
फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, रजत कपूर, इशिता दत्ता और श्रिया सरन भी अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं, जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की इस फ्रैंचाइजी में नई एंट्री हुई है।