Dr. Hassan Trailer: नवाजुद्दीन सिद्दीकी बने मेडिकल जीनियस डॉक्टर, दीया मिर्जा के साथ दिखेगी नई जोड़ी; 11 दिसंबर से होगी स्ट्रीम
जियोहॉटस्टार ने अपनी आगामी वेब सीरीज 'डॉ. हसन' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस सीरीज में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में एक ऐसे डॉक्टर की कहानी दिखाई गई है, जो बेहद जटिल मेडिकल मामलों को अपनी असाधारण समझ और काबिलियत से सुलझाता है। हालांकि, मरीजों की बीमारियों का पता लगाने में माहिर इस डॉक्टर के लिए आम लोगों के साथ रिश्ते निभाना आसान नहीं है। यह सीरीज 11 दिसंबर 2026 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।
क्या है 'डॉ. हसन' की कहानी?
सीरीज की कहानी का केंद्र डॉ. हसन है, जिसका किरदार नवाजुद्दीन सिद्दीकी निभा रहे हैं। हसन एक असाधारण मेडिकल जीनियस है, जो ऐसे लक्षणों और छोटी-छोटी बातों को भी समझ लेता है, जिन्हें दूसरे डॉक्टर अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। उसकी यही खासियत सबसे मुश्किल मेडिकल केसों को सुलझाने में मदद करती है।
हालांकि, हसन का स्वभाव काफी अलग और बेबाक है। वह अपने काम करने के तरीके में किसी पारंपरिक नियम को ज्यादा महत्व नहीं देता। उसकी सनक और अप्रत्याशित व्यवहार के कारण सहकर्मियों के साथ तालमेल बैठाना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद उसकी काबिलियत अस्पताल के लिए बेहद जरूरी है।
दीया मिर्जा संभालेंगी अस्पताल की जिम्मेदारी
सीरीज में दीया मिर्जा डॉ. पलक जैन के किरदार में नजर आएंगी। वह अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) हैं और मेडिकल कॉलेज के दिनों में हसन की सहपाठी भी रह चुकी हैं। पलक हसन की प्रतिभा को अच्छी तरह समझती हैं और जानती हैं कि उसके साथ काम करना कितना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
हसन के साथ उसके करीबी दोस्त और भरोसेमंद साथी डॉ. विवेक भी मौजूद हैं। इसके अलावा स्मरण साहू, रहमत रतन और जेसन थाम विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम का हिस्सा हैं। सभी मिलकर अस्पताल में आने वाले मुश्किल मेडिकल मामलों को सुलझाने की कोशिश करते हैं।
मेडिकल मिस्ट्री के साथ दिखेगा हास्य और रिश्तों का ड्रामा
'डॉ. हसन' केवल अस्पताल और बीमारियों की कहानी नहीं है। इसमें मेडिकल रहस्यों के साथ डॉक्टरों के निजी रिश्तों, उनके स्वभाव और भावनात्मक उलझनों को भी दिखाया जाएगा।
सीरीज में हर मरीज का केस एक नई पहेली की तरह सामने आएगा। किसी बीमारी की सही पहचान करना कई बार मरीज की जिंदगी और मौत के बीच का अंतर तय कर सकता है। कहानी में गंभीर मेडिकल परिस्थितियों के साथ तीखा हास्य और अप्रत्याशित घटनाएं भी देखने को मिलेंगी।
नवाजुद्दीन और दीया मिर्जा ने साझा किए अनुभव
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने किरदार के बारे में बताया कि डॉ. हसन की सबसे खास बात यह है कि वह दूसरों को खुश करने की कोशिश नहीं करता। वह अपने मेडिकल केस में पूरी तरह डूबा रहता है और बाकी चीजें उसके लिए उतनी मायने नहीं रखतीं। अभिनेता के मुताबिक, इस किरदार की अलग-अलग परतों को समझना और उसके व्यवहार के पीछे की वजह तलाशना उनके लिए शानदार अनुभव रहा।
वहीं, दीया मिर्जा ने कहा कि इस सीरीज की खासियत केवल मेडिकल केस नहीं, बल्कि उनके आसपास बनने वाले रिश्ते भी हैं। उनका किरदार पलक हसन को अच्छी तरह जानता है और उसकी प्रतिभा के साथ-साथ उसके चुनौतीपूर्ण स्वभाव से भी परिचित है। दीया के मुताबिक, दोनों किरदारों के बीच पुराना जुड़ाव और अपनापन उनकी बातचीत को दिलचस्प बनाता है।
रोहन सिप्पी ने किया है निर्देशन
'डॉ. हसन' का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। सीरीज का रूपांतरण और पटकथा विनय छावल तथा केतन पेडगांवकर ने लिखी है, जबकि संवाद विराट बसोया ने तैयार किए हैं।
इस सीरीज का निर्माण बानिजे एशिया के बैनर तले दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने किया है। इसके कार्यकारी निर्माता विभास सिंह गौतम हैं।
अमेरिकी सीरीज 'हाउस' पर आधारित है 'डॉ. हसन'
'डॉ. हसन' अमेरिकी मेडिकल ड्रामा सीरीज 'हाउस' पर आधारित है। डेविड शोर द्वारा बनाई गई इस लोकप्रिय सीरीज में ह्यू लॉरी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसका प्रसारण 2004 से 2012 तक हुआ और इसके कुल आठ सीजन आए थे।
मूल सीरीज को पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड्स, दो गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स, एक पीबॉडी अवॉर्ड और नौ पीपल्स च्वाइस अवॉर्ड्स सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले थे। अब इसी कहानी का भारतीय रूपांतरण नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा के साथ दर्शकों के सामने आने जा रहा है।