‘डॉन 3’ विवाद में नया मोड़, वीडियो में देंखे रणवीर सिंह के समर्थन में आए एमी विर्क
फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर अभिनेता रणवीर सिंह और प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच चल रहे कथित 45 करोड़ रुपये के विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में अब पंजाबी अभिनेता और गायक एमी विर्क ने रणवीर सिंह का समर्थन किया है।एमी विर्क ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि उनके अनुसार इस पूरे विवाद में रणवीर सिंह की कोई गलती नहीं है। उन्होंने प्रोडक्शन हाउस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब रणवीर सिंह की कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर रही थीं, तब मेकर्स ने प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाया।
एमी विर्क ने दावा किया कि जैसे ही रणवीर सिंह की हालिया फिल्म ‘धुरंधर’ हिट हुई, उसके बाद ही कथित तौर पर वित्तीय विवाद और रकम को लेकर मांगें सामने आने लगीं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस पूरे मामले की सभी बारीकियों की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर उन्हें विश्वास है कि रणवीर सिंह इस विवाद में गलत नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा कि अगर पहले ही दौर में जब अभिनेता की फिल्में फ्लॉप थीं, तब ‘डॉन 3’ की शूटिंग शुरू कर दी जाती तो स्थिति अलग हो सकती थी। एमी विर्क के अनुसार उस समय प्रोजेक्ट को आगे नहीं बढ़ाया गया, लेकिन अब सफलता के बाद वित्तीय मांगों को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि इस पूरे मामले को लेकर अब तक प्रोडक्शन हाउस या रणवीर सिंह की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि फिल्म इंडस्ट्री में इस विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है, और आने वाले दिनों में दोनों पक्षों की प्रतिक्रिया के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।