दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' OTT से हटाई गई, वीडियो में जाने 2 दिन पहले ही हुई थी रिलीज
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज को रिलीज के महज दो दिन बाद ही ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है और करीब तीन साल तक रिलीज पर रोक रहने के बाद नए नाम से दर्शकों के सामने आई थी।
2 दिन पहले हुई थी रिलीज
फिल्म पहले 'पंजाब 95' नाम से बनाई गई थी, लेकिन लंबे समय तक रिलीज नहीं हो सकी। करीब तीन साल बाद इसे 'सतलुज' नाम से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। हालांकि, रिलीज के सिर्फ दो दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है कहानी
फिल्म की कहानी मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित है। खालड़ा ने पंजाब में आतंकवाद के दौर के दौरान हजारों कथित फर्जी एनकाउंटर और लापता लोगों के मामलों को उजागर करने का दावा किया था। उनकी इसी मुहिम को फिल्म में दर्शाया गया है।
क्यों हटाई गई फिल्म?
फिलहाल फिल्म को हटाए जाने के पीछे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। न तो ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर से और न ही फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत बयान जारी किया गया है।
पहले भी विवादों में रही थी फिल्म
फिल्म अपने निर्माण के बाद से ही चर्चा और विवादों में रही। रिलीज से पहले इसके नाम और कंटेंट को लेकर कई स्तरों पर चर्चा हुई थी। अंततः इसे 'सतलुज' नाम से रिलीज किया गया, लेकिन अब अचानक प्लेटफॉर्म से हटाए जाने के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।