×

'धुरंधर' वही जो सही तरह से योग करे... आयुष मंत्रालय ने जारी किया मजेदार वीडियो, दिया खास मैसेज

 

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के बीच आयुष मंत्रालय लगातार नए और मजेदार पोस्ट के जरिए लोगों को जागरुक करते हुए जानकारी दे रहा है। इसी कड़ी में मंत्रालय ने 'धुरंधर' स्टाइल का एक मजेदार और अनोखा वीडियो जारी करते हुए योग के बारे में खास मैसेज भी दिया।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हर कोई योग करता है, लेकिन धुरंधर वही है जो सही योग करता है।”

वहीं, वीडियो में आदित्य धर के निर्देशन में बनी ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर के किरदारों को दिखाया गया है। राकेश बेदी का किरदार ‘जमील जमाली’ और संजय दत्त का किरदार ‘एसपी चौधरी असलम’ एक-दूसरे से बात करते नजर आते हैं। जमील पूछता है, “कितना समय हो गया योग करते हुए?” असलम जवाब देते हैं, “सात साल हो गए।” सुनकर जमील आश्चर्य से कहता है, “तभी तो इतने फिट हो गए…।”

वीडियो में राकेश बेदी का किरदार अफसोस जताते हुए कहता है कि उसने केवल जंक फूड खाकर अनियमित दिनचर्या को अपनाया तो इस पर संजय दत्त का किरदार कहता है, "मैं तो कहता हूं कि ये सब छोड़िए और सीवाईपी के साथ योग करना शुरू कर दीजिए...योग वही जो सही तरह से किया जाए।"

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने इस बार योग को आम लोगों तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए इस अनोखे वीडियो का सहारा लिया है। मंत्रालय ने इस वीडियो के जरिए संदेश दिया है कि सही तरीके से योग करने से ही असली फिटनेस हासिल होती है। मंत्रालय ने कॉमन योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) को फिटनेस का ब्लूप्रिंट बताया है। पोस्ट में लिखा गया, “अपनी हेल्थ के धुरंधर बनिए। अपनी आदतें बदलिए, योग को सही ढंग से अपनाइए और दुनिया को दिखाइए कि असली धुरंधर हार नहीं मानते। सही योग करेंगे, तभी तो फिट रहेंगे!”

यह वीडियो अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की जागरूकता अभियान का हिस्सा है। हर साल 21 जून को विश्व स्तर पर योग दिवस मनाया जाता है। मंत्रालय का मानना है कि योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली है। सही तरीके से किए गए योगासन, प्राणायाम और ध्यान से शरीर स्वस्थ रहता है, तनाव कम होता है और ऊर्जा बनी रहती है। कॉमन योग प्रोटोकॉल एक सरल गाइड है, जिसका पालन करके कोई भी व्यक्ति रोजाना योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकता है।

--आईएएनएस

एमटी/एएस