दीपिका पादुकोण ने सोनम वांगचुक पर पोस्ट किया? वीडियो में जाने वायरल इंस्टाग्राम स्टोरी का दावा निकला फर्जी
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बीच सोशल मीडिया पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को लेकर एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी तेजी से वायरल हो रही है। वायरल स्क्रीनशॉट में दावा किया जा रहा है कि दीपिका ने सोनम वांगचुक का समर्थन करते हुए देश के नेतृत्व पर सवाल उठाए और बाद में कुछ ही मिनटों में पोस्ट डिलीट कर दी। हालांकि, जांच में यह दावा भ्रामक और फर्जी पाया गया है।
क्या है वायरल दावा?
बुधवार से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया जा रहा है। इसमें ऐसा दिखाया गया है कि दीपिका पादुकोण ने सोनम वांगचुक से जुड़ी एक पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया है।
स्क्रीनशॉट में कथित तौर पर लिखा गया है—
"वे उपवास कर रहे हैं और हम स्क्रॉल कर रहे हैं।"
इसके साथ दीपिका के नाम से एक कैप्शन भी जोड़ा गया है, जिसमें लिखा है—
"इस बारे में कोई बात क्यों नहीं कर रहा है? हम लोकतंत्र के सबसे काले दौर से गुजर रहे हैं। किसी फेल लीडर की तारीफ में कितनी भी फिल्में बना ली जाएं, हकीकत नहीं बदलती।"
इसी स्क्रीनशॉट के आधार पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि अभिनेत्री ने यह स्टोरी पोस्ट करने के कुछ मिनट बाद हटा दी।
जांच में क्या सामने आया?
उपलब्ध तथ्यों की जांच में यह दावा सही नहीं पाया गया। दीपिका पादुकोण के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसी कोई स्टोरी या पोस्ट प्रकाशित होने का कोई प्रमाण नहीं मिला।इसके अलावा, अभिनेत्री या उनकी टीम की ओर से भी इस तरह की किसी पोस्ट की पुष्टि नहीं की गई है।
फर्जी स्क्रीनशॉट से फैलाया गया भ्रम
विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति के नाम से फर्जी स्क्रीनशॉट बनाकर वायरल करना नई बात नहीं है। ऐसे मामलों में एडिट किए गए स्क्रीनशॉट या नकली पोस्ट के जरिए गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जाती है।
सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की जरूरत
इस तरह के वायरल दावों को साझा करने से पहले उनकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। केवल स्क्रीनशॉट के आधार पर किसी पोस्ट को वास्तविक मान लेना भ्रामक हो सकता है।फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दीपिका पादुकोण ने सोनम वांगचुक के समर्थन में वायरल हो रही कथित इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट नहीं की थी, इसलिए यह दावा फर्जी है।