अजय देवगन की फिल्म ‘चौहान’ के टीजर पर विवाद, वीडियो में जाने क्षत्रिय परिषद ने जताई आपत्ति; ‘राजपूत भावनाओं से न खेलने’ की मांग
25 जून को रिलीज हुए फिल्म ‘चौहान’ के टीजर के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। टीजर में अजय देवगन की आवाज में एक डायलॉग सुनाई देता है— “पठानों से कह दो, चौहान आ गया है।” इसी डायलॉग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
क्षत्रिय परिषद ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि ऐतिहासिक विरासत और जातीय पहचान को फिल्मों में इस तरह से प्रस्तुत करना उचित नहीं है। संगठन का कहना है कि इससे समाज में अनावश्यक तनाव और गलत संदेश फैल सकता है।
परिषद ने फिल्म के प्रोड्यूसर्स से अपील की है कि वे राजपूत और चौहान जैसे ऐतिहासिक नामों का इस्तेमाल जातीय या सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने के लिए न करें। संगठन का कहना है कि भारतीय इतिहास और गौरवशाली विरासत को मनोरंजन के नाम पर विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।विवाद बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस टीजर को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सिनेमाई स्वतंत्रता बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इसे सामाजिक सौहार्द के खिलाफ मान रहे हैं।
फिलहाल फिल्म निर्माताओं की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, यह देखना अहम होगा कि सेंसर बोर्ड या फिल्म की टीम इस पर कोई स्पष्टीकरण देती है या नहीं।फिल्म ‘चौहान’ के टीजर ने रिलीज के साथ ही जहां दर्शकों का ध्यान खींचा है, वहीं यह विवाद अब लगातार चर्चा का विषय बनता जा रहा है।