यशोभूमि में लाइव कॉन्सर्ट के दौरान बवाल, वीडियो में देंखे चारदीवारी और ढांडा न्योलीवाला के बीच गाली-गलौज; फैंस में भी छिड़ी जंग
गुरुग्राम से सटे द्वारका एक्सप्रेसवे के पास स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब मंच पर परफॉर्म करने पहुंचे हरियाणवी सिंगर ढांडा न्योलीवाला और रैपर चारदीवारी के बीच कथित तौर पर विवाद की स्थिति बन गई। दोनों कलाकारों की ओर से एक-दूसरे के लिए आपत्तिजनक इशारे और शब्दों के इस्तेमाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
म्यूजिक फेस्ट में मशहूर रैपर और सिंगर चारदीवारी, जिनका असली नाम गर्व तनेजा बताया जाता है, परफॉर्म करने पहुंचे थे। इसी दौरान दर्शकों के बीच से ढांडा न्योलीवाला के नाम पर हूटिंग शुरू हो गई। इसके बाद चारदीवारी के समर्थकों ने भी उनके नाम के नारे और हूटिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया।
ढांडा के नाम की हूटिंग से नाराज हुए चारदीवारी
कार्यक्रम के दौरान चारदीवारी मंच पर परफॉर्म कर रहे थे। इसी बीच दर्शकों के एक हिस्से ने ढांडा न्योलीवाला का नाम लेकर हूटिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में चारदीवारी के प्रशंसक उनके समर्थन में हूटिंग करने लगे।वायरल वीडियो में चारदीवारी ढांडा न्योलीवाला के नाम पर हूटिंग कर रहे दर्शकों पर नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और कहा कि वह अपना पूरा गाना गाकर ही मंच से जाएंगे।उन्होंने भीड़ को चुनौती देते हुए कहा कि जो करना है कर लो, वह अपना परफॉर्मेंस पूरा करेंगे। इस दौरान मंच और दर्शकों के बीच माहौल काफी तनावपूर्ण नजर आया।
न्योलीवाला की बारी आई तो इशारों में दिया जवाब
चारदीवारी के बाद जब ढांडा न्योलीवाला परफॉर्म करने मंच पर पहुंचे तो उन्होंने भी कथित तौर पर इशारों के जरिए चारदीवारी पर निशाना साधा। वायरल वीडियो में वह अपने फैंस का जिक्र करते हुए कहते नजर आए कि उनके चाहने वाले हैं, इसलिए वह हैं।उन्होंने कथित तौर पर चारदीवारी को चेतावनी भरे अंदाज में ज्यादा न बोलने की बात भी कही। इस दौरान उनके समर्थकों में भी उत्साह दिखाई दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस
कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद कार्यक्रम के दौरान हुई घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर होने लगे। वीडियो सामने आने के बाद चारदीवारी और ढांडा न्योलीवाला के फैंस दो अलग-अलग गुटों में बंटे नजर आए।एक पक्ष चारदीवारी के समर्थन में दिखाई दिया, जबकि दूसरा ढांडा न्योलीवाला का बचाव करता नजर आया। दोनों कलाकारों के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई कि आखिर विवाद की शुरुआत किसकी ओर से हुई।
हिप-हॉप कम्युनिटी में भी चर्चा तेज
घटना के बाद हिप-हॉप कम्युनिटी में भी इस पूरे विवाद को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। बहस सिर्फ दोनों कलाकारों तक सीमित नहीं रही, बल्कि दर्शकों की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।कुछ लोगों का कहना है कि दर्शकों की हूटिंग से विवाद शुरू हुआ, जबकि कुछ का मानना है कि कलाकारों को भी मंच पर ऐसी परिस्थितियों को शांत तरीके से संभालना चाहिए था। वहीं, कई लोग इसे लाइव कॉन्सर्ट में बढ़ते फैन वॉर का उदाहरण बता रहे हैं।
कलाकार और दर्शक दोनों की भूमिका पर सवाल
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी हो रही है कि लाइव परफॉर्मेंस के दौरान कलाकारों और दर्शकों की जिम्मेदारी क्या होनी चाहिए। एक तरफ कलाकारों से उम्मीद की जाती है कि वे उकसावे के बावजूद मंच की गरिमा बनाए रखें, वहीं दर्शकों से भी दूसरे कलाकार के नाम पर लगातार हूटिंग या नारेबाजी से बचने की अपेक्षा की जाती है।फिलहाल इस कथित विवाद के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं और दोनों कलाकारों के फैंस अपने-अपने पसंदीदा कलाकार के पक्ष में तर्क दे रहे हैं। हिप-हॉप कम्युनिटी में भी बहस जारी है कि इस पूरे घटनाक्रम में विवाद की शुरुआत किसने की और इसे बढ़ाने में कलाकारों तथा दर्शकों की कितनी भूमिका रही