Sandali Sinha Birthday: 'तुम बिन' से रातों-रात स्टार बनने के बाद कहां गायब हो गई संदली ? आज संभाल रही है करोड़ों की कंपनी
मनोरंजन न्यूज़ डेस्क - बॉलीवुड एक्ट्रेस संदली सिन्हा इंडस्ट्री की उन एक्ट्रेस में से एक हैं जिन्होंने बेहद कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली। फिल्म 'तुम बिन' साल 2001 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से एक्ट्रेस संदली सिन्हा रातों-रात स्टार बन गई थीं। उनकी क्यूट स्माइल और मासूम चेहरे ने सभी का दिल जीत लिया था, लेकिन फिर वो अचानक एक्टिंग की चकाचौंध भरी दुनिया से गायब हो गईं।
'तुम बिन' संदली सिन्हा की पहली फिल्म थी और अपनी पहली ही फिल्म में उन्होंने ऐसा जादू बिखेरा कि लोग उनकी एक्टिंग के कायल हो गए। फिल्म हिट साबित हुई और कहा जाने लगा कि संदली सिन्हा अपनी एक्टिंग से इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाएंगी, लेकिन ऐसा हो न सका। अचानक संदली इस इंडस्ट्री से गायब हो गईं। आज संदली सिन्हा अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए इस मौके पर जानते हैं कि इन दिनों संदली सिन्हा कहां हैं...
'तुम बिन' से मिली पहचान
फिल्म 'तुम बिन' में संदली सिन्हा की दमदार एक्टिंग के बाद इंडस्ट्री में उनकी डिमांड बढ़ गई। 'तुम बिन' के बाद संदली सिन्हा को कई और फिल्मों में मौके मिले, लेकिन वह उनमें कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं, जिसकी वजह से उन्हें साइड रोल मिलने लगे। फिल्मों में मुख्य अभिनेत्री का किरदार निभाकर रातों-रात स्टार बनने वाली संदली सिन्हा अचानक फिल्मों में साइड हीरोइन के रोल में नजर आने लगीं।
करियर ने लिया यू-टर्न
'तुम बिन' के बाद लोगों ने फिल्म 'पिंजर' और 'अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों' में संदली सिन्हा की एक्टिंग को पसंद किया, लेकिन साइड रोल होने की वजह से इन फिल्मों का उनके करियर पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। उनका करियर ग्राफ तेजी से गिरता चला गया। काफी कोशिशों के बाद भी संदली सिन्हा बॉलीवुड में खुद को ठीक से स्थापित नहीं कर पाईं और उन्होंने इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला कर लिया।
करोड़ों में खेल रही हैं संदली
जब संदली सिन्हा का जादू फिल्मों में नहीं चला तो उन्होंने साल 2005 में बिजनेसमैन किरण सालस्कर से शादी कर ली। शादी के बाद संदली सिन्हा ने करीब सात से आठ साल का ब्रेक लिया और फिर से इंडस्ट्री में लौटीं, लेकिन इस बार उन्होंने बॉलीवुड में नहीं बल्कि साउथ इंडस्ट्री में हाथ आजमाया। हालात ऐसे थे कि यहां भी संदली सिन्हा की फिल्में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं। जब संदली फिल्मों में अपना करिश्मा दिखाने में नाकाम रहीं तो उन्होंने अपने पति किरण सालस्कर के बिजनेस में हाथ बंटाना शुरू कर दिया। संदली अपने पति के करोड़ों के बिजनेस को संभालने लगीं। लाइमलाइट से दूर संदली सिन्हा आज कंट्री ऑफ ओरिजिन को संभाल रही हैं, जो देश की सबसे बड़ी बेकरी में से एक है। इस बेकरी की नींव उन्होंने अपने पति किरण सालस्कर के साथ मिलकर रखी थी।