सलीम खान की तबीयत नाजुक? वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखे गए, 11 बजे आएगा मेडिकल अपडेट
सलमान खान के पिता और जाने-माने स्क्रिप्ट राइटर सलीम खान को वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। उन्हें मंगलवार सुबह मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। फिल्मफेयर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलीम खान को एंग्जायटी और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद हॉस्पिटल लाया गया था। बाद में, ब्रेन में ब्लड क्लॉट और ब्लीडिंग का पता चला। आज उनकी सर्जरी होगी। हालांकि, उनके हॉस्पिटल में भर्ती होने की वजह का खुलासा नहीं हुआ है। परिवार की परमिशन के बाद सुबह 11 बजे मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा।
परिवार के सदस्य हॉस्पिटल पहुंचे, देखें फोटो
सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को सलमान खान शूटिंग छोड़कर हॉस्पिटल चले गए। संजय दत्त और जावेद अख्तर भी हॉस्पिटल पहुंचे।
मंगलवार सुबह इमरजेंसी रूम में लाए गए
हॉस्पिटल अथॉरिटी ने बताया कि सलीम खान को मंगलवार सुबह 8:30 बजे इमरजेंसी रूम में लाया गया। उनके इलाज के लिए डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है। इसमें न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विनय चव्हाण, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत मेनन, न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और डॉ. बिनीत अहलूवालिया शामिल हैं।
1960 के दशक में करियर शुरू हुआ
सलीम खान 90 साल के हैं। 24 नवंबर, 1935 को जन्मे सलीम खान को हिंदी सिनेमा के महान स्क्रिप्ट राइटर में से एक माना जाता है। सलीम खान ने अपने करियर की शुरुआत एक एक्टर के तौर पर की थी। उन्होंने 1960 के दशक में फिल्म "बारात" से डेब्यू किया था, लेकिन उन्हें लिमिटेड और छोटे रोल मिले। करीब दो दर्जन फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि एक्टिंग नहीं, बल्कि राइटिंग ही उनकी असली ताकत है। फिर उन्होंने राइटिंग की तरफ रुख किया और स्क्रिप्ट राइटर बन गए।
"सलीम-जावेद" की जोड़ी मशहूर हुई
सलीम खान और जावेद अख्तर की जोड़ी "सलीम-जावेद" के नाम से मशहूर हुई। दोनों ने मिलकर हिंदी सिनेमा को जंजीर, दीवार, शोले, डॉन और सीता और गीता जैसी कई सुपरहिट और यादगार फिल्में दीं। इन फिल्मों की दमदार कहानियों और डायलॉग्स ने लोगों का दिल जीत लिया। उनकी स्क्रिप्ट्स ने फिल्मों के जॉनर को बदल दिया। उन्होंने कहानी में दमदार किरदार, डायलॉग और सामाजिक मुद्दों को शामिल किया। सलीम-जावेद की सफलता ने फिल्म इंडस्ट्री में लेखकों को नई पहचान और सम्मान दिलाया, और उन्हें स्टार्स के बराबर अहमियत मिलने लगी। सलीम-जावेद को भारतीय सिनेमा में स्टार का दर्जा पाने वाले पहले लेखक माना जाता है। उन्होंने अमिताभ बच्चन की "एंग्री यंग मैन" इमेज बनाने में अहम भूमिका निभाई।
सलीम खान ने दो शादियां कीं
अपनी पर्सनल लाइफ में, सलीम खान ने दो शादियां कीं। उनकी पहली शादी 18 नवंबर, 1964 को सलमा खान (पहले सुशीला चरक) से हुई थी। इस शादी से उनके चार बच्चे हुए: सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान। बाद में, 1981 में सलीम खान ने एक्ट्रेस हेलेन रिचर्डसन से शादी की। कुछ साल बाद, सलीम खान और हेलेन ने अर्पिता को गोद ले लिया। उनके बड़े बेटे सलमान खान हिंदी सिनेमा के टॉप एक्टर्स में से एक माने जाते हैं, जबकि अरबाज और सोहेल भी फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उनकी बेटी अलवीरा की शादी एक्टर-डायरेक्टर अतुल अग्निहोत्री से हुई है, जबकि अर्पिता की शादी एक्टर आयुष शर्मा से हुई है।