×

Kirron Kher Birthday Special : संघर्षों से रहा है किरण खेर का चोली दामन का साथ, इस गंभीर बिमारी से लड़ रही है एक्ट्रेस 

 

मनोरंजन न्यूज़ डेस्क - अभिनेत्री किरण खेर आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। किरण खेर ने एक्टिंग से लेकर राजनीति तक हर जगह अपनी पहचान बनाई है। इसके अलावा वह खेल की दुनिया में भी चमक चुकी हैं। किरण खेर जितनी प्रतिभाशाली और सफल हैं, उनका संघर्ष भी उतना ही गहरा है। संघर्ष ने आज तक उनका पीछा नहीं छोड़ा है। आइए जानते हैं 'देवदास', 'खामोश पानी', 'मैं हूं ना', 'वीर-जारा' और 'रंग दे बसंती' समेत कई फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से दिल जीतने वाली किरण खेर का सफर...

किरण खेर का जन्म 14 जून 1952 को पंजाब के चंडीगढ़ में एक सिख परिवार में हुआ था। किरण ने चंडीगढ़ से ही अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है। अगर वह आज एक्ट्रेस नहीं होतीं तो एक सफल बैडमिंटन खिलाड़ी होतीं। किरण खेर एक अच्छी बैडमिंटन खिलाड़ी रही हैं। वह दीपिका पादुकोण के पिता प्रकाश पादुकोण के साथ राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन खेल चुकी हैं। लेकिन, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पढ़ाई पूरी करने के बाद किरण का झुकाव एक्टिंग की ओर बढ़ा और उन्होंने इसी दिशा में करियर बनाने की सोची। किरण चंडीगढ़ में थिएटर से जुड़ीं।

थिएटर के बाद किरण खेर ने साल 1973 में पंजाबी फिल्म 'असर प्यार दा' से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह बॉलीवुड में अपने लिए रोल तलाश रही थीं। उन दिनों सुनील दत्त एक नए चेहरे की तलाश में थे। उनकी तलाश किरण खेर पर खत्म हुई। लेकिन, कुछ आर्थिक तंगी के कारण फिल्म बंद हो गई। लेकिन, किरण खेर ने हार नहीं मानी। वह 1980 में मुंबई आईं और काम की तलाश शुरू की और सफल रहीं। किरण खेर ने कई फिल्मों में काम किया। उन्हें नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। किरण खेर टीवी रियलिटी शो में जज के तौर पर भी नजर आ चुकी हैं।

किरण खेर और अनुपम खेर की जोड़ी बॉलीवुड में एक आदर्श जोड़ी मानी जाती है। दोनों शुरुआत में अच्छे दोस्त थे। हालांकि, प्यार नहीं था। अनुपम खेर भी उसी थिएटर ग्रुप में थे, जिससे किरण खेर जुड़ी थीं। दोनों ने साथ में कई नाटक किए। शायद उस वक्त दोनों में से किसी को भी नहीं पता था कि वे पति-पत्नी बन जाएंगे, क्योंकि दोनों पहले से ही शादीशुदा थे। अनुपम खेर ने 1979 में अरेंज मैरिज की थी, लेकिन वह इस रिश्ते से खुश नहीं थे। किरण की शादी 1980 में मुंबई के एक बिजनेसमैन गौतम बेरी से हुई थी, जो सिर्फ पांच साल ही चली। चंडीगढ़ के बाद किरण खेर और अनुपम खेर दोनों ही मुंबई में संघर्ष कर रहे थे।

यहीं पर उन्हें प्यार का एहसास हुआ। अनुपम खेर अपनी पत्नी से तलाक ले चुके थे। किरण खेर और उनके पति भी समझ गए थे कि उनकी शादी नहीं चलेगी और दोनों ने तलाक ले लिया। किरण ने 1985 में अनुपम से शादी की। किरण को पहली शादी से एक बेटा सिकंदर है, जो एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय है। असफल शादी से बाहर आने के बाद उन्हें अनुपम खेर का साथ मिला। जिंदगी थोड़ी पटरी पर लौटी। लेकिन, कुछ समय बाद अनुपम खेर को आर्थिक नुकसान हुआ। इस दौरान परिवार की स्थिति को संभालने के लिए किरण खेर आगे आईं। उन्होंने फिल्मों में वापसी की और उनकी मेहनत रंग लाई।

किरण खेर एक सफल एक्ट्रेस होने के अलावा राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। वह चंडीगढ़ से सांसद रह चुकी हैं। 2009 में वह भाजपा में शामिल हुईं। 2014 और 2019 में चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव जीतीं। इस बार उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। किरण खेर के इरादे जितने मजबूत रहे हैं, जिंदगी भी उतनी ही उनकी परीक्षा ले रही है। अभिनेत्री ब्लड कैंसर से जूझ रही हैं। कैंसर से उनकी जंग अभी भी जारी है। पूरी उम्मीद है कि वह कैंसर को हराने में सफल होंगी।