कैलिफोर्निया में दीप्ति नवल ने की अश्विनी भावे से मुलाकात, शेयर कीं तस्वीरें
मुंबई, 17 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री दीप्ति नवल ने हाल ही में अमेरिका दौरे पर कैलिफॉर्निया में अभिनेत्री अश्विनी भावे से मुलाकात की। इस मुलाकात की झलकियां अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर की। साथ ही उन्होंने दोनों के बीच हुई बातचीत और बॉन्ड के बारे में बताया।
दीप्ति नवल ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, जिनमें दोनों के बीच की गर्मजोशी और दोस्ती साफ नजर आ रही है। तस्वीरों में दोनों एक्ट्रेस भावे के यूएसए वाले घर पर हंसती और एक साथ पोज देती हुई दिख रही हैं। तस्वीरों में, दीप्ति नीले और हरे रंग की फ्लोरल ड्रेस में दिख रही हैं, जबकि अश्विनी ने काले रंग का टॉप और ट्राउजर पहना है।
दीप्ति ने लिखा, "अमेरिका में अपने बुक टूर के दौरान खूबसूरत अश्विनी भावे से उनके कैलिफोर्निया वाले घर में मिलना मेरे इस सफर में एक शानदार पल रहा। हम फिर से यादें बना रहे हैं।"
अश्विनी भावे कई सालों से यूएस में हैं और मराठी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। इंडियन सिनेमा में लंबा करियर होने के बावजूद दीप्ति नवल और अश्विनी भावे अभी तक किसी फिल्म में एक साथ नहीं दिखी हैं।
दीप्ति नवल पैरलल और मेनस्ट्रीम हिंदी सिनेमा में अपने काम के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने श्याम बेनेगल की 'जुनून' से फिल्मी करियर की शुरुआत की और इंडियन पैरेलल सिनेमा मूवमेंट के जाने-माने चेहरों में से एक बन गईं। उनकी शुरुआती फिल्मोग्राफी में फारूक शेख और अमोल पालेकर जैसे एक्टर्स के साथ कई कोलेबोरेशन शामिल हैं।
अश्विनी भावे की बात करें तो उनके करियर की शुरुआत मराठी एंटरटेनमेंट से हुई और उन्होंने मराठी और हिंदी दोनों फिल्मों में अपनी पहचान बनाई। वह मराठी कॉमेडी 'आशी ही बनवा बनवी' जैसी फिल्मों से खास तौर पर पॉपुलर हुईं, जो उनके सबसे मशहूर कामों में से एक है।
हिंदी सिनेमा में अश्विनी 'हिना', 'मीरा का मोहन', 'परंपरा', 'कायदा कानून', 'सैनिक', 'अशांत', 'चौराहा', 'मोहब्बत की आरजू', 'चीता', 'इक्का राजा रानी', 'जख्मी दिल', 'पुरुष', 'जुर्माना', 'भैरवी', 'जज मुजरिम', 'युगपुरुष' और 'बंधन' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी