☰
×

Box Office: ‘रामायण’ ने पहले दिन मचाया धमाल, 64 करोड़ से ज्यादा कमाई; ‘दृश्यम 3’ का रिकॉर्ड टूटा

 

रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फायदा फिल्म की कमाई में भी देखने को मिला है।

सैकनिल्क के मुताबिक, ‘रामायण’ ने पहले दिन रात 10:30 बजे तक 64.28 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था। फिल्म की पहले दिन की ऑक्यूपेंसी करीब 56.2% रही। इसके साथ ही फिल्म ने 2026 में रिलीज हुई कई बड़ी बॉलीवुड फिल्मों के ओपनिंग डे रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।

हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई

फिल्म ने अलग-अलग भाषाओं में भी अच्छी कमाई की है। रिपोर्ट के अनुसार, ‘रामायण’ ने हिंदी में 46.45 करोड़, कन्नड़ में 7.88 करोड़, तेलुगु में 5.98 करोड़, तमिल में 2.47 करोड़ और मलयालम में 1.50 करोड़ रुपये कमाए हैं।

‘दृश्यम 3’ का रिकॉर्ड टूटा

64.28 करोड़ रुपये की कमाई के साथ ‘रामायण’ 2026 की दूसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनर बन गई है। फिल्म ने अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन करीब 62 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।

2026 की टॉप ओपनिंग वाली फिल्मों में ‘धुरंधर 2’ 99.10 करोड़ रुपये के साथ पहले नंबर पर है। इसके बाद ‘रामायण’ 64.28 करोड़, ‘दृश्यम 3’ 62 करोड़, ‘बॉर्डर 2’ 30 करोड़ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ 25.50 करोड़ रुपये के साथ टॉप-5 में हैं।

2027 में आएगा ‘रामायण’ का दूसरा पार्ट

‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। रवि दुबे समेत कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।

फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। ‘रामायण’ का पहला पार्ट रिलीज हो चुका है, जबकि इसका दूसरा भाग 2027 में दिवाली के मौके पर रिलीज होने की योजना है। दूसरे पार्ट में राम और रावण के युद्ध के साथ कहानी के कई महत्वपूर्ण किरदारों को आगे बढ़ाया जाएगा।