‘ज्यादा जूम मत करना…’ करिश्मा कपूर की पैपराजी को चेतावनी, वीडियो में देंखे सोशल मीडिया पर मिला समर्थन
टीवी रियलिटी शो इंडियाज बेस्ट डांसर के सेट पर बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। शूटिंग के दौरान करिश्मा ने पैपराजी को तस्वीरें और वीडियो लेते समय “जूम” करने को लेकर साफ चेतावनी दी।सोमवार को शो की शूटिंग के दौरान करिश्मा कपूर जब जज गीता कपूर, टेरेंस लुईस और जावेद जाफरी के साथ सेट पर पहुंचीं, तो उन्होंने कैमरे के सामने पोज देने के बाद फोटोग्राफर्स से कहा, “ज्यादा जूम मत करना।”
उनका यह बयान तुरंत कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने करिश्मा कपूर के इस रुख का समर्थन किया है और इसे सेलेब्रिटी प्राइवेसी के लिए जरूरी कदम बताया है।पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर यह बहस तेज रही है कि पैपराजी द्वारा अभिनेत्रियों की तस्वीरों और वीडियो को अनावश्यक रूप से जूम करके या अलग एंगल से पोस्ट करना उनकी निजता का उल्लंघन है। इसी संदर्भ में करिश्मा का यह बयान भी सामने आया है।
कुछ यूजर्स ने एक पुराना उदाहरण भी साझा किया, जिसमें दावा किया गया कि एक इवेंट के दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के साथ पोज देते समय पैपराजी ने फ्रेम से सिद्धार्थ को हटाकर केवल कियारा पर जूम किया था, जिसे कई लोगों ने अनुचित बताया।इस पूरे मामले के बाद सोशल मीडिया पर सेलेब्रिटी फोटोग्राफी की नैतिकता और सीमाओं को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोगों का मानना है कि कैमरा और मीडिया को कलाकारों की गरिमा और निजी स्पेस का सम्मान करना चाहिए। करिश्मा कपूर का यह रिएक्शन अब मनोरंजन जगत में एक नए चर्चित मुद्दे के रूप में सामने आया है, जो पैपराजी कल्चर पर फिर से सवाल खड़े कर रहा है।