यामी गौतम और आदित्य धर ने छोड़ा मुंबई, वीडियो में देंखे हिमाचल में बसाया नया आशियाना; 100 साल पुराने हेरिटेज घर में रहेंगे
एक्ट्रेस यामी गौतम और फिल्म डायरेक्टर आदित्य धर ने मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूरी बनाने का फैसला किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों अब हिमाचल प्रदेश में स्थायी रूप से रहने के लिए शिफ्ट हो गए हैं। लाइमलाइट से दूर शांत और सुकून भरी जिंदगी बिताने के लिए यामी और आदित्य ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित अपने घर को अपना नया ठिकाना बनाया है। हालांकि, फिल्मों से जुड़े काम के सिलसिले में दोनों का मुंबई आना-जाना जारी रहेगा।'फ्री प्रेस जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, यामी और आदित्य अब अपना दातर समय हिमाचल प्रदेश में ही बिताएंगे। दोनों ने मुंबई छोड़ने का फैसला ऐसे समय में किया है, जब यामी गौतम और आदित्य धर अपने फिल्मी करियर में लगातार सक्रिय हैं।
मंडी के घर में बिताएंगे सुकून भरी जिंदगी
यामी गौतम का हिमाचल प्रदेश से खास रिश्ता रहा है। उनका जन्म हिमाचल के बिलासपुर में हुआ था। शादी से पहले यामी ने मंडी जिले के गोहर इलाके में करीब 25 एकड़ जमीन पर बना लगभग 100 साल पुराना हेरिटेज घर खरीदा था।लकड़ी और पत्थरों से बना यह घर पारंपरिक हिमाचली वास्तुकला की झलक देता है। घर के आसपास काफी बड़ा बगीचा और खेती की जमीन भी है। यहां सेब, आलू, आलूबुखारा और अदरक जैसी फसलें उगाई जाती हैं। मुंबई की फिल्मी चकाचौंध से दूर यह जगह यामी और आदित्य को शांत वातावरण और प्रकृति के करीब रहने का मौका देती है।
इसी प्रॉपर्टी में हुई थी दोनों की शादी
यामी गौतम और आदित्य धर ने 4 जून 2021 को इसी हेरिटेज प्रॉपर्टी में शादी की थी। दोनों ने बेहद निजी समारोह में सात फेरे लिए थे। शादी के बाद से ही हिमाचल स्थित यह घर उनके लिए खास जगह रहा है।यामी और आदित्य की शादी के बाद उनकी निजी जिंदगी को लेकर फैंस की दिलचस्पी भी बनी रही है। अब दोनों ने इसी जगह को अपना स्थायी घर बनाने का फैसला किया है।
नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं दोनों
वर्कफ्रंट की बात करें तो यामी गौतम और आदित्य धर के लिए हाल का समय खास रहा है। हाल ही में आयोजित 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में यामी गौतम को फिल्म 'आर्टिकल 370' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला। वहीं, आदित्य धर को इसी फिल्म के लिए बतौर प्रोड्यूसर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।यामी करीब 37 साल की हैं और उन्होंने हिंदी सिनेमा के अलावा अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया है। वहीं, आदित्य धर फिल्म निर्देशन और निर्माण के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं।
हालांकि, हिमाचल में बसने के बावजूद दोनों का फिल्मी करियर जारी रहेगा। काम के सिलसिले में उन्हें मुंबई और अन्य शहरों की यात्रा करनी होगी। ऐसे में दोनों अब निजी जिंदगी के लिए हिमाचल और प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के लिए मुंबई के बीच सफर करते नजर आ सकते हैं।