यामी गौतम-आदित्य धर के हिमाचल शिफ्ट होने की खबरें गलत, वीडियो में जाने डायरेक्टर की टीम ने किया दावा खारिज, मंडी में है कपल का हेरिटेज घर
एक्ट्रेस यामी गौतम और उनके पति व फिल्म डायरेक्टर आदित्य धर के मुंबई छोड़कर हिमाचल प्रदेश में स्थायी रूप से बसने की खबरों पर अब विराम लग गया है। आदित्य धर की टीम ने इन खबरों को गलत बताते हुए साफ किया है कि कपल के हिमाचल प्रदेश शिफ्ट होने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि यामी गौतम और आदित्य धर मुंबई छोड़कर हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थायी रूप से रहने की तैयारी कर रहे हैं। इन खबरों के सामने आने के बाद आदित्य धर की टीम ने सफाई दी है।
आदित्य धर की टीम ने खबरों को बताया गलत
आदित्य धर की टीम ने ‘स्क्रीन’ से बातचीत में हिमाचल प्रदेश शिफ्ट होने की खबरों को खारिज किया। टीम के मुताबिक, दोनों के स्थायी रूप से हिमाचल में बसने की खबर सही नहीं है।इससे पहले सामने आई रिपोर्ट्स में कहा गया था कि यामी और आदित्य मुंबई की भागदौड़ से दूर हिमाचल प्रदेश में अपना नया ठिकाना बनाने जा रहे हैं। हालांकि, अब टीम की ओर से दिए गए बयान के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है।
हिमाचल से खास रिश्ता रखती हैं यामी
यामी गौतम का हिमाचल प्रदेश से गहरा रिश्ता है। वह हिमाचल की रहने वाली हैं और अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्य से जुड़ी तस्वीरें और यादें साझा करती रहती हैं।शादी से पहले यामी ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर में 25 एकड़ जमीन के साथ एक पारंपरिक हेरिटेज घर खरीदा था। इसी हेरिटेज प्रॉपर्टी में यामी गौतम और आदित्य धर की शादी हुई थी।
शादी के बाद भी मुंबई में है कपल का बेस
यामी और आदित्य धर की शादी जून 2021 में हुई थी। दोनों ने हिमाचल प्रदेश में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी। हिमाचल से खास लगाव होने के बावजूद फिलहाल उनके स्थायी रूप से मुंबई छोड़ने की खबरों को आदित्य धर की टीम ने गलत बताया है।यामी गौतम और आदित्य धर दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। ऐसे में मुंबई उनके प्रोफेशनल काम का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हिमाचल में उनका हेरिटेज घर जरूर है, लेकिन इसे उनका स्थायी निवास बनाए जाने की खबर की टीम ने पुष्टि नहीं की है।