×

‘ये गाना नहीं भजन लग रहा है…’ चुनरी चुनरी रीमेक पर भड़के अभिजीत, वीडियो में बोले- वरुण कभी सलमान नहीं बन सकते

 

वरुण धवन की अपकमिंग फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का नया गाना ‘चुनरी चुनरी’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। यह गाना साल 1999 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बीवी नंबर 1’ के लोकप्रिय ट्रैक का रीमेक है। पुराने गाने को सिंगर अभिजीत भट्टाचार्या और अनुराधा श्रीराम ने अपनी आवाज दी थी। लेकिन अब इस रीमेक वर्जन को देखकर खुद अभिजीत नाराज हो गए हैं और उन्होंने गाने के साथ-साथ अभिनेता वरुण धवन पर भी तीखी टिप्पणी की है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/LpPLVXheMV8?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/LpPLVXheMV8/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

एक इंटरव्यू में अभिजीत भट्टाचार्या ने नए गाने को लेकर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने यह रीमेक सुना तो उन्हें यह किसी रोमांटिक गाने की बजाय भजन जैसा महसूस हुआ। सिंगर ने कहा, “जब मैंने ये गाना सुना तो मुझे लगा कि ये कोई भजन है। ‘चुनरी चुनरी’ एक रोमांटिक ट्रैक था और इन लोगों ने अब इसे भजन बना दिया है।”

अभिजीत यहीं नहीं रुके। उन्होंने वरुण धवन की फिल्मों के चुनाव और उनकी तुलना सलमान खान से किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “इस एक्टर ने सिर्फ सेकेंड हैंड फिल्में की हैं। खासकर तब, जब इसके पिता डेविड धवन ने खुद कई ओरिजिनल फिल्में बनाई थीं। अब वही पुराने हिट गाने और फिल्मों को दोबारा इस्तेमाल किया जा रहा है।”

सिंगर ने आगे कहा कि वरुण धवन इस गाने के जरिए कभी सलमान खान जैसा स्टारडम हासिल नहीं कर सकते। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “वरुण धवन इस गाने से सलमान खान नहीं बन सकता। सलमान खान और वरुण धवन में बहुत फर्क है।”

दरअसल, ‘बीवी नंबर 1’ का ओरिजिनल ‘चुनरी चुनरी’ गाना अपने समय का बेहद बड़ा हिट साबित हुआ था। इस गाने में सलमान खान और सुष्मिता सेन की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया था। आज भी यह गाना पार्टी और डांस प्लेलिस्ट का हिस्सा बना हुआ है। ऐसे में इसके रीमेक को लेकर दर्शकों की उम्मीदें भी काफी ज्यादा थीं।

हालांकि सोशल मीडिया पर नए गाने को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग नए वर्जन को पसंद कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि ओरिजिनल गाने की फील और एनर्जी इसमें नजर नहीं आती।

बॉलीवुड में पिछले कुछ वर्षों से पुराने हिट गानों के रीमेक बनाने का ट्रेंड लगातार बढ़ा है। लेकिन कई बार ये रीमेक दर्शकों और ओरिजिनल कलाकारों की आलोचना का भी शिकार हो जाते हैं। अब अभिजीत के बयान ने इस बहस को और तेज कर दिया है कि क्या क्लासिक गानों को दोबारा बनाना सही है या नहीं।

फिलहाल वरुण धवन या फिल्म की टीम की ओर से अभिजीत के बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन सिंगर के इस तीखे बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस जरूर छिड़ गई है। कई लोग अभिजीत का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग नए दौर के म्यूजिक को अलग नजरिए से देखने की बात कह रहे हैं।