आयुष्मान-शर्वरी की शादी से शुरू होगी ‘ये प्रेम मोल लिया’ की कहानी: वीडियो में जाने दोस्ती, परिवार और एक झूठ के बीच उलझे रिश्ते; 27 नवंबर को होगी रिलीज
डायरेक्टर सूरज बड़जात्या की आगामी पारिवारिक मनोरंजक फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर बुधवार, 18 नवंबर को रिलीज कर दिया गया। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म की टीम के करीब 20 कलाकारों की मौजूदगी में मेकर्स ने ट्रेलर जारी किया। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना पहली बार सूरज बड़जात्या के चर्चित किरदार ‘प्रेम’ की भूमिका निभाते नजर आएंगे। फिल्म में शर्वरी मुख्य अभिनेत्री हैं।
ट्रेलर सामने आने के बाद फिल्म की कहानी और कलाकारों के किरदारों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिल्म की कहानी दोस्ती से शुरू होकर शादी, परिवार और एक झूठ के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती दिखाई देती है। इसमें रिश्तों की उलझन, पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्यार के बीच आने वाली मुश्किलों को दिखाया गया है। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
शादी के दृश्य से होती है ट्रेलर की शुरुआत
करीब जारी किए गए ट्रेलर की शुरुआत आयुष्मान खुराना और शर्वरी की शादी के दृश्य से होती है। इसके बाद कहानी दोनों के अतीत और उनके संघर्षों की ओर मुड़ जाती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि दोनों को शादी तक पहुंचने के लिए कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। उनकी दोस्ती और प्यार के बीच पारिवारिक परिस्थितियां किस तरह चुनौती बनती हैं, इसकी झलक भी देखने को मिलती है।कहानी में शर्वरी का किरदार खास परिस्थितियों से जूझता नजर आता है। वह ऐसे परिवार से आती हैं, जहां घर में सिर्फ महिलाएं हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। ऐसे में शादी के बाद घर छोड़कर जाना उनके लिए आसान नहीं है।
परिवार की जिम्मेदारी बनेगी शादी में मुश्किल
ट्रेलर के मुताबिक, शर्वरी के किरदार के सामने एक बड़ी चुनौती अपने परिवार और प्रेम के बीच संतुलन बनाने की है। एक तरफ उनका रिश्ता है, तो दूसरी तरफ परिवार की जिम्मेदारियां हैं। घर की परिस्थितियों के कारण उनके लिए शादी के बाद अपना परिवार छोड़ना संभव नहीं होता।यही स्थिति आयुष्मान और शर्वरी के रिश्ते में मुश्किलें पैदा करती है। कहानी में एक झूठ भी अहम भूमिका निभाता दिखाई देता है, जिसके कारण रिश्तों में उलझन बढ़ती है। हालांकि, ट्रेलर में कहानी के सभी पहलुओं का खुलासा नहीं किया गया है।
पहली बार ‘प्रेम’ बने आयुष्मान खुराना
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में ‘प्रेम’ का किरदार हमेशा खास रहा है। इससे पहले उनकी कई फिल्मों में सलमान खान इस भूमिका में नजर आ चुके हैं। अब आयुष्मान खुराना पहली बार इस चर्चित किरदार को निभा रहे हैं। ऐसे में दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि आयुष्मान अपने अंदाज में ‘प्रेम’ के किरदार को किस तरह पर्दे पर उतारते हैं।फिल्म के ट्रेलर में प्यार, शादी और परिवार से जुड़े कई भावनात्मक पहलुओं की झलक दिखाई गई है। अब दर्शकों को 27 नवंबर का इंतजार है, जब यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी।